Baghpat News: पुलिस कार्रवाई से लौटा व्यापारियों का भरोसा, भाईचारा रहेगा कायम: डॉ अमित राय जैन
Baghpat News: बड़ौत में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से व्यापारियों का भरोसा मजबूत हुआ। डॉ अमित राय जैन ने कहा कि शहर में भाईचारा, शांति और सौहार्द कायम रहेगा।
Baghpat News(Photo-Social Media)
Baghpat News: बड़ौत के चर्चित व्यापारी पिता-पुत्र हत्याकांड के बाद ऋषभदेव सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में जैन कॉन्फ्रेंस के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अमित राय जैन ने पुलिस की हालिया कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई से व्यापारी समाज और आम जनता का मनोबल फिर से मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि हत्याकांड में शामिल दो बदमाशों में से एक का पुलिस मुठभेड़ में हॉफ एनकाउंटर किया जा चुका है, जबकि दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। यह कार्रवाई कानून के राज को मजबूत करने वाली है।
डॉ. अमित राय जैन ने कहा कि बड़ौत नगर की सभी बिरादरियों की ओर से पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली का स्वागत किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद जो भय और असुरक्षा का माहौल बना था, वह अब धीरे-धीरे समाप्त हो रहा है और व्यापारी समाज के साथ-साथ आम लोगों का खोया हुआ मनोबल दोबारा विकसित हुआ है। उन्होंने कहा कि सर्वसमाज प्रशासन के साथ खड़ा है और आगे भी शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरा सहयोग करता रहेगा। प्रेसवार्ता में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराधी और व्यापारी की कोई जाति या बिरादरी नहीं होती। अपराधी यदि जाट, वैश्य, कश्यप, मुस्लिम, ब्राह्मण या किसी भी समाज का हो, समाज को उसका विरोध करना चाहिए और अपराधी का बहिष्कार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके पूर्व दिए गए बयानों को किसी विशेष जाति या समुदाय से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। उनका सम्मान पहले भी सर्वसमाज के लिए था और आगे भी रहेगा।
डॉ. अमित राय जैन ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ और भ्रामक टिप्पणियां करने वाले युवाओं से भी संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि जाट बिरादरी, किसान आंदोलनों और खाप परंपरा के प्रति उनका हमेशा सम्मान रहा है। इसलिए किसी भी प्रकार की गलतफहमी को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दूसरे पक्ष के लोग भी समाज का ही हिस्सा हैं और सर्वसमाज के लोग उनसे संवाद स्थापित करेंगे, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि किसी निर्दोष व्यक्ति पर कार्रवाई न हो। साथ ही उन्होंने जोर देकर कहा कि बड़ौत की पहचान भाईचारे और सौहार्द की रही है और किसी भी कीमत पर इसे बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। प्रेसवार्ता में वैश्य समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियो में धनेंद्र जैन, घसिट्टूमल जैन, योगेश जिंदल, शिखर चंद जैन, अभिमन्यु गुप्ता, सौरभ, ब्राह्मण समाज के थाम्बा चौधरी देशखाप 84 ओमकार भारद्वाज, सचिन जैन आदि मौजूद रहे और सभी ने एक स्वर में अपराध के खिलाफ एकजुट रहने तथा क्षेत्र में शांति बनाए रखने का संकल्प दोहराया।