Baghpat News: एक्सप्रेसवे पर स्टंटबाजी पड़ी भारी, थार चालक पर 7 हजार का जुर्माना
Baghpat News: बागपत में एक्सप्रेसवे पर थार से स्टंटबाजी कर रील बनाना पड़ा भारी, यातायात पुलिस ने वाहन चालक पर 7 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
Baghpat News: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर स्टंटबाजी कर सोशल मीडिया पर रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। थार गाड़ी की छत पर चढ़कर बनाई गई रील का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यातायात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन चालक पर सात हजार रुपये का जुर्माना ठोक दिया।जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें एक युवक दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर दौड़ रही थार गाड़ी की छत पर चढ़कर स्टंट करता दिखाई दे रहा है।
वीडियो में युवक यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए रील बनाता नजर आया। एक्सप्रेसवे जैसे हाई-स्पीड मार्ग पर इस तरह की लापरवाही से बड़ा हादसा हो सकता था। वीडियो वायरल होने के बाद बागपत पुलिस और यातायात विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। जांच के दौरान वाहन की पहचान कर चालक का पता लगाया गया। यातायात नियमों के उल्लंघन और खतरनाक तरीके से वाहन संचालन करने के आरोप में थार चालक के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई।
बागपत की यातायात पुलिस ने वाहन चालक पर सात हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एक्सप्रेसवे और हाईवे पर स्टंटबाजी न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे चालक, यात्रियों और अन्य वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि रील और वीडियो बनाने के चक्कर में यातायात नियमों का उल्लंघन न करें। सड़क पर की गई एक छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
गौरतलब हो कि, सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में युवा लगातार खतरनाक स्टंट और नियमों के उल्लंघन वाले वीडियो बना रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में पहचान होने पर चालान के साथ-साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। सड़क सुरक्षा से समझौता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।