Baghpat News: बड़ौत व्यापारी हत्याकांड: 25 हजार का इनामी बदमाश भीमसेन पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

Baghpat News: बागपत के बड़ौत में हुए चर्चित व्यापारी पिता-पुत्र हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी भीमसेन को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

By :  Paras Jain
Update:2026-06-16 23:18 IST

Baghpat News

Baghpat News: बड़ौत के चर्चित व्यापारी पिता-पुत्र हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वारदात के सात दिन बाद बागपत पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी भीमसेन को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।बागपत पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 9 जून 2026 को बड़ौत के दिल्ली-सहारनपुर रोड स्थित अग्रवाल टेंट हाउस पर हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी और उसके साथियों ने व्यापारी परिवार पर जानलेवा हमला किया था। इस हमले में टेंट व्यापारी सोहनलाल अग्रवाल और उनके पुत्र विकास अग्रवाल की गोली लगने से मृत्यु हो गई थी।घटना के बाद मृतक के परिजन राजेश कुमार की तहरीर पर थाना बड़ौत में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 191(3), 190, 3(5) और 103(1) के तहत केस दर्ज किया गया।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बागपत के निर्देश पर थाना बड़ौत पुलिस, सर्विलांस सेल और स्वाट टीम सहित कुल 10 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी भीमसेन क्षेत्र में मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान भीमसेन पुत्र ओमप्रकाश, निवासी मंडोली कलां, थाना बहल, जिला भिवानी (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, व्यापारी परिवार पर हुए हमले में आरोपी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और उससे पूछताछ की जा रही है।वहीं, बागपत पुलिस का कहना है कि इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News