Baghpat News: रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 455 किलो मावा और 65 किलो पनीर नष्ट
Baghpat News: बागपत में खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर 455 किलो मावा और 65 किलो पनीर नष्ट कराया, आठ नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 455 किलो मावा और 65 किलो पनीर नष्ट (Photo- Newstrack)
Baghpat News: रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बागपत में देर रात से लेकर रविवार तक कई स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल आठ विधिक नमूने संग्रहित किए, जबकि अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा और तैयार किया जा रहा 455 किलोग्राम मावा तथा 65 किलोग्राम पनीर मौके पर नष्ट कराया। नष्ट किए गए खाद्य पदार्थों की कुल कीमत करीब 1.51 लाख रुपये बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मेरठ से दिल्ली की ओर जा रहे एक आईसर कैंटर को पिलाना के पास रुकवाकर जांच की। वाहन में बड़ी मात्रा में मावा ले जाया जा रहा था। अधिकारियों के मुताबिक मावा को अस्वच्छ और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में दिल्ली बिक्री के लिए ले जाया जा रहा था। मिलावट की आशंका को देखते हुए मावा के पांच विधिक नमूने लिए गए। इसके साथ ही करीब 410 किलोग्राम मावा, जिसकी अनुमानित कीमत 1.23 लाख रुपये थी, मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
भंडार के गोदाम से क्रीम का नमूना लिया गया
इसके बाद टीम ने बड़ौत तहसील क्षेत्र के मुजफ्फरनगर पोइस गांव में स्थित एक मावा भट्टी पर छापा मारा। यहां निर्माण स्थल से मावा का विधिक नमूना लिया गया। अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार किया जा रहा करीब 45 किलोग्राम मावा, जिसकी कीमत लगभग 13,500 रुपये आंकी गई, नष्ट कराया गया।
इसी क्रम में पठानकोट नगर पालिका बड़ौत क्षेत्र स्थित हरियाणा फ्रेश पनीर भंडार के गोदाम से क्रीम का नमूना लिया गया। वहीं गुराना रोड पर एक गोदाम में जांच के दौरान पनीर का विधिक नमूना संग्रहित किया गया। टीम ने यहां 65 किलोग्राम संदिग्ध पनीर, जिसकी कीमत करीब 18,200 रुपये बताई गई, मौके पर नष्ट करा दिया।
नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए
खाद्य विभाग की टीम ने कुल आठ विधिक नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय डीपी सिंह, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी यज्ञ दत्त आर्य और निधि रानी मौजूद रहे।