Baghpat News: चीनी के बढ़ते दामों पर प्रशासन का एक्शन, गोदाम पर छापा

Baghpat News: बागपत में चीनी की जमाखोरी रोकने के लिए प्रशासन ने गोदाम की जांच की, स्टॉक निर्धारित सीमा के भीतर मिला, अधिकारियों ने रिकॉर्ड दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

By :  Paras Jain
Update:2026-08-22 17:44 IST

चीनी के बढ़ते दामों पर प्रशासन का एक्शन, गोदाम पर छापा (Photo- Newstrack)


Baghpat News: चीनी के लगातार बढ़ते दामों को लेकर प्रदेश सरकार के निर्देश के बाद बागपत में प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है। शासन के आदेश के बाद अधिकारियों ने चीनी की जमाखोरी और निर्धारित सीमा से अधिक स्टॉक की जांच को लेकर छापेमारी अभियान शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को बागपत शहर कोतवाली क्षेत्र के सब्जी मंडी रोड स्थित चीनी के एक गोदाम पर प्रशासन की टीम ने छापेमारी की।

चीनी गोदाम में हुई छापेमारी

छापेमारी के दौरान एसडीएम दिग्विजय सिंह, सीओ सुकन्या शर्मा और इंस्पेक्टर मनोज चहल समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। टीम ने गोदाम में रखे चीनी के स्टॉक की जांच की और उपलब्ध मात्रा का रिकॉर्ड से मिलान कराया। अधिकारियों ने गोदाम में मौजूद चीनी के स्टॉक, दस्तावेजों और निर्धारित भंडारण सीमा से संबंधित जानकारी को भी परखा।

जांच के दौरान गोदाम में नियमानुसार लिमिट के भीतर ही चीनी का स्टॉक मिला। मौके पर निर्धारित सीमा से अधिक चीनी का भंडारण नहीं पाया गया। इसके बाद अधिकारियों ने गोदाम संचालक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और चीनी के स्टॉक एवं बिक्री संबंधी रिकॉर्ड को नियमानुसार बनाए रखने को कहा।


प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद चीनी कारोबारियों में भी हलचल बढ़ गई है। अधिकारियों का कहना है कि बाजार में चीनी की उपलब्धता और कीमतों पर लगातार नजर रखी जा रही है। किसी भी व्यापारी द्वारा जमाखोरी, कालाबाजारी या निर्धारित सीमा से अधिक स्टॉक रखने की शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं

प्रदेश सरकार के निर्देश के बाद शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य बाजार में चीनी की कृत्रिम कमी रोकना और उपभोक्ताओं को उचित कीमत पर चीनी उपलब्ध कराना है। प्रशासन ने साफ किया है कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी और जमाखोरी को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Tags:    

Similar News