Bareilly News: आयुष्मान आरोग्य मंदिर का ताला तोड़कर इन्वर्टर-बैटरी चोरी, पुलिस जांच में जुटी

Bareilly News: बरेली के मीरगंज क्षेत्र के धनतिया गांव स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का ताला तोड़कर चोर इन्वर्टर और बैटरी चोरी कर ले गए। सीएचओ ने पुलिस को तहरीर दी है।

Update:2026-08-13 18:04 IST

Bareilly News

Bareilly News: बरेली के थाना मीरगंज क्षेत्र के धनतिया गांव स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में चोरों ने ताला तोड़कर इन्वर्टर और बैटरी चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद केंद्र पर तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) दीपा चौहान ने थाना मीरगंज में लिखित तहरीर देकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सीएचओ दीपा चौहान के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को वह गांव रईयां नंगला में आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य से गई थीं। इसी दौरान शाम करीब 5:30 बजे धनतिया के ग्राम प्रधान ज्ञान सिंह ने उन्हें फोन कर केंद्र का ताला टूटे होने की सूचना दी। प्रधान ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र के अंदर रखा सामान भी बिखरा पड़ा है।सूचना मिलते ही सीएचओ धनतिया स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचीं। वहां निरीक्षण करने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। केंद्र के अंदर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि स्वास्थ्य केंद्र में रखा इन्वर्टर और बैटरी गायब है। इसके बाद सीएचओ ने थाना मीरगंज में प्रार्थना पत्र देकर घटना की जानकारी दी और चोरी का मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में चोरी की घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भी चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गांवों में संचालित स्वास्थ्य केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किए जाने की जरूरत है, ताकि सरकारी संसाधनों और जरूरी उपकरणों को सुरक्षित रखा जा सके।फिलहाल पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ ही चोरों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Tags:    

Similar News