एक्स-रे के दौरान बुजुर्ग के सीने पर गिरी मशीन, मौके पर मौत, आर्य हॉस्पिटल में मचा हंगामा
Bareilly News: घटना के बाद मृतक के परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
Bareilly News
Bareilly News: बरेली के नवाबगंज स्थित आर्य हॉस्पिटल एंड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा होने से हडकंप मच गया। बताया जा रहा है कि 75 वर्षीय मरीज मिश्रीलाल उर्फ लाला प्रसादीलाल का एक्स-रे कराने के दौरान ऊपर एक्स-रे मशीन का ट्यूब हेड गिर गया। जिसके बाद मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती हुए थे
नवाबगंज थाना क्षेत्र के शाहपुर जी सुखराय गांव निवासी मिश्रीलाल मछली पालन का काम करते थे। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार को पेट में दर्द की शिकायत के बाद उनके बेटे शेर सिंह उन्हें पीलीभीत हाईवे स्थित आर्य हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने उन्हें आईसीयू में भर्ती किया था। इसके बाद भी उन्हें पेट में दर्द की शिकायत बनी हुई थी, जिसके चलते डॉक्टरों ने कुछ जांच कराने की सलाह दी।
एक्स-रे के दौरान हुआ हादसा
मंगलवार दोपहर अस्पताल का स्टाफ मिश्रीलाल को एक्स-रे कराने के लिए अस्पताल परिसर स्थित एक्स-रे कक्ष में लेकर गया। परिजनों का आरोप है कि एक्स-रे टेबल पर उन्हें लिटाकर जांच शुरू ही की जा रही थी कि मशीन का ट्यूब हेड अचानक उनके सीने पर गिर गया। इससे मिश्रीलाल की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद एक्स-रे कक्ष में मौजूद स्टाफ और अन्य कर्मचारी वहां से चले गए। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की जांच
हंगामे की सूचना पर सीओ नीलेश मिश्र और कोतवाल अरुण कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी अस्पताल पहुंचकर एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण किया और मौके से साक्ष्य जुटाए।
मृतक के परिवार में पत्नी कलावती, बेटे नेमचंद, शेर सिंह और रंजीत सिंह समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की बेटियों पूनम, लीलावती और मीना समेत अन्य परिजनों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई।
परिजनों ने तहरीर और पोस्टमार्टम से किया इनकार
सीओ नीलेश मिश्र के अनुसार, मृतक के परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि मरीज की मौत उपचार के दौरान हुई है। पुलिस मामले की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के कुछ भाजपा नेता भी अस्पताल पहुंचे। देर शाम तक वे मृतक के परिजनों को समझाने और मामले में समझौते का प्रयास करते रहे। हादसे के बाद अस्पताल में एक्स-रे मशीन की सुरक्षा और अस्पताल की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।