Bareilly News: पुरानी रंजिश में महिला से मारपीट और धमकी, दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Bareilly News: बरेली के मीरगंज क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर महिला से मारपीट और धमकी देने का आरोप लगा है। पुलिस ने दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Update:2026-08-08 21:18 IST

Bareilly News

Bareilly News: थाना मीरगंज क्षेत्र के ग्राम शीशमखेड़ा में पुरानी रंजिश को लेकर महिला के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गांव निवासी नाजरीन पत्नी गुलाम नबी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि छह अगस्त की रात करीब 12 बजे गांव के ही अहमद रजा और मोहम्मद नबी, पुत्रगण इस्लाम खां, ने पुरानी रंजिश के चलते उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर दोनों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं।पीड़िता के मुताबिक, घटना के दौरान दोनों आरोपी अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें धमकी देते रहे। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद स्थिति शांत हुई। महिला का आरोप है कि आरोपियों से उनका पहले से विवाद चल रहा है और वे आए दिन उन्हें परेशान करते हैं। इसके चलते वह और उनका परिवार भय के माहौल में रह रहा है।

नाजरीन ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News