Bareilly News:कावड़ लेने हरिद्वार जा रहे दो युवकों की बाइक में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, हालत गंभीर
Bareilly News : हरदोई से कांवड़ लेने हरिद्वार जा रहे दो युवकों की बाइक को मीरगंज में अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, दोनों की हालत गंभीर।
Bareilly Mirganj Accident News
Bareilly News: बरेली हरदोई से कावड़ लेने हरिद्वार जा रहे दो बाइक सवार युवक मीरगंज थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हाईवे पर पेट्रोल पंप के सामने पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। दोनों घायलों को पुलिस ने सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार हरदोई जनपद की पुलिस लाइन के पास रहने वाले अभिषेक कश्यप (22) पुत्र विनोद कश्यप और उसका दोस्त सनी शर्मा (20) पुत्र राधे शर्मा बुधवार रात करीब दो बजे बाइक से हरिद्वार के लिए निकले थे। दोनों सावन में कावड़ लेने जा रहे थे। बताया गया कि मीरगंज हाईवे पर पेट्रोल पंप के सामने पहुंचते ही पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने के बाद दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मीरगंज ले गई। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना घायलों के परिजनों को दे दी गई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। वहीं पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है