Bareilly News: तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से महिला गंभीर घायल, चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Bareilly News: मीरगंज में सिंथौली पुलिया के पास बोलेरो की टक्कर से महिला घायल हो गईं। पुलिस ने बेटे की तहरीर पर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की।

Update:2026-08-09 19:04 IST

तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से महिला गंभीर घायल, चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज (Photo- Newstrack)

Bareilly News: बरेली जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से सड़क किनारे पैदल घर लौट रही महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा सिंथौली पुलिया के पास हुआ। टक्कर के बाद महिला सड़क पर गिर गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने बोलेरो चालक को पकड़ लिया। घायल महिला को पहले स्थानीय निजी क्लीनिक ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर बरेली के सर्वोदय अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पीछे से आ रही बोलेरो ने मारी टक्कर

मीरगंज के मोहल्ला राजेन्द्रनगर निवासी विशाल गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी मां पिंकी गुप्ता पत्नी दिनेश कुमार गुप्ता सात अगस्त की सुबह करीब 8:50 बजे सिंथौली पुलिया के पास सड़क किनारे पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो कार संख्या यूपी-32-एलए-1398 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बिना हॉर्न दिए उन्हें टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि पिंकी गुप्ता गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गईं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहां मौजूद लोगों ने बोलेरो चालक को पकड़ लिया।

चालक ने बताया अपना नाम

लोगों ने चालक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम विपिन पुत्र परमेश्वरी दयाल निवासी ग्राम बिबियापुर, थाना भोजीपुरा बताया। बताया गया कि हादसे के बाद चालक ही घायल पिंकी गुप्ता को इलाज के लिए एक निजी क्लीनिक लेकर पहुंचा। वहां प्राथमिक उपचार किए जाने के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बरेली के सर्वोदय अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में पिंकी गुप्ता का इलाज जारी है।

बेटे की तहरीर पर दर्ज हुआ मामला

घटना के बाद घायल महिला के पुत्र विशाल गुप्ता ने मीरगंज थाने में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

मीरगंज के इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि विशाल गुप्ता की तहरीर पर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News