Bareilly News: धनतिया के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में चोरी, ताला तोड़कर इन्वर्टर-बैटरी ले गए चोर

Bareilly News: बरेली के धनतिया स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में चोरी की वारदात हुई। चोर ताला तोड़कर इन्वर्टर और बैटरी चोरी कर ले गए।

Update:2026-08-13 17:44 IST

Bareilly News(Photo-Social Media)

Bareilly News: बरेली थाना मीरगंज क्षेत्र के गांव धनतिया स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर केंद्र के अंदर रखा इन्वर्टर और बैटरी चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर केंद्र में तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) ने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी और बाद में थाना मीरगंज में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सीएचओ दीपा चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार 12 अगस्त को वह गांव रईयां नंगला में आयुष्मान कार्ड बनाने के कार्य से गई थीं। इसी दौरान शाम करीब 5:30 बजे धनतिया के ग्राम प्रधान ज्ञान सिंह ने उन्हें फोन कर केंद्र का ताला टूटे होने की सूचना दी। ग्राम प्रधान ने बताया कि केंद्र के अंदर सामान भी बिखरा पड़ा है।

सूचना मिलते ही सीएचओ दीपा चौहान आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचीं। वहां मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। केंद्र के अंदर प्रवेश करने पर सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। उन्होंने केंद्र में रखे सामान की जांच की तो इन्वर्टर और बैटरी गायब मिले। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी और थाना मीरगंज पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर सौंपी।

तहरीर में सीएचओ ने चोरी की घटना की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में चोरी की घटना से आसपास के ग्रामीणों में भी चिंता है। लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्रों पर जरूरी उपकरण और संसाधन रखे रहते हैं, इसलिए इनकी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जानी चाहिए। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाने के साथ ही चोरों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News