Bareilly News: बरेली में दहेज प्रताड़ना का मामला, शादी के 11 दिन बाद नवविवाहिता से मारपीट का आरोप

Bareilly News: बरेली के शीशगढ़ थाना क्षेत्र में शादी के 11 दिन बाद नवविवाहिता को दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर घर से निकालने का आरोप लगा है। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।

Update:2026-05-21 19:01 IST

Bareilly News

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के शीशगढ़ थाना क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां शादी के महज 11 दिन बाद ही नवविवाहिता को अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर घर से निकाल देने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शीशगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर निवासी रूपवती की शादी 10 मई 2026 को देवरनिया थाना क्षेत्र के ग्राम पैंगा निवासी रोहित के साथ हुई थी। पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि शादी में करीब सात लाख रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन ससुराल पक्ष दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं था। शादी के तुरंत बाद पति रोहित, सास भगोला देवी, जेठ छत्रपाल, जेठानी सीमा और देवर राजकुमार ने अतिरिक्त दो लाख रुपये नकद की मांग शुरू कर दी।

आरोप है कि मांग पूरी न होने पर पीड़िता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। 11 मई को आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और बाद में उसे मायके छोड़ दिया। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने रुपये न मिलने पर तलाक देने और जान से मारने की धमकी भी दी।पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।


Tags:    

Similar News