Bareilly News: आड़ू के पेड़ पर चढ़े बच्चे को लगा करंट, जिला अस्पताल रेफर

Bareilly News: बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के सुजातपुर गांव में आड़ू के पेड़ पर चढ़ते समय 8 वर्षीय बच्चे को बिजली का करंट लग गया। गंभीर रूप से झुलसे बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।

Update:2026-05-15 21:50 IST

Bareilly News

Bareilly News: मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव सुजातपुर में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के पास आड़ू के पेड़ पर चढ़ रहे आठ वर्षीय बच्चे को बिजली का करंट लग गया, जिससे वह दूर जाकर जमीन पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में बच्चे को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वर्तमान में बच्चे का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, गांव सुजातपुर निवासी मुन्ने खां का पुत्र अकीब शुक्रवार को अपने घर के पास लगे आड़ू के पेड़ पर चढ़ रहा था। बताया जा रहा है कि पेड़ के बिल्कुल नजदीक से बिजली का तार गुजर रहा था। जैसे ही अकीब पेड़ की ऊंचाई तक पहुंचा, वह बिजली के तार की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से उसका शरीर झुलस गया और वह कई फीट दूर जाकर जमीन पर गिर पड़ा। हादसा देखकर आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़ पड़े।

ग्रामीणों की मदद से घायल बच्चे को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से आबादी के बीच से गुजर रहे बिजली तारों को सुरक्षित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।


Tags:    

Similar News