Bareilly News: पूर्णागिरि दर्शन से लौट रही नवविवाहिता की चलती ट्रेन से गिरकर मौत

Bareilly News: बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र में पूर्णागिरि देवी के दर्शन कर लौट रही 25 वर्षीय नवविवाहिता की चलती ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रम्पूरा अंडरपास के पास हुआ।

Update:2026-05-27 18:58 IST

Bareilly News

Bareilly News: जिले के भमोरा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय नवविवाहिता की चलती ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। हादसा रम्पूरा अंडरपास के पास उस समय हुआ, जब महिला माता पूर्णागिरि देवी के दर्शन कर अपने परिवार के साथ घर लौट रही थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान बदायूं जिले के कादरचौक थाना क्षेत्र के ग्राम बामनौसी निवासी खुशबू गुप्ता के रूप में हुई है। खुशबू अपने पति अंकित माहेश्वरी और मां के साथ धार्मिक यात्रा पर गई थीं। परिजनों ने बताया कि ट्रेन में अत्यधिक गर्मी और उमस होने के कारण अचानक खुशबू की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें घबराहट और उल्टी जैसा महसूस होने लगा, जिसके बाद वह ताजी हवा लेने के लिए ट्रेन के दरवाजे के पास जाकर बैठ गईं।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन से नीचे जा गिरीं। गिरते समय उनका सिर रेलवे ट्रैक के किनारे लगे लोहे के पोल से टकरा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही भमोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।परिजनों के मुताबिक खुशबू की शादी पिछले वर्ष नवंबर में हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दी हैं। पति और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

Tags:    

Similar News