Bulandshahr News: भगवान के घर में चोरी करने वाला चोर मुठभेड़ में घायल, पुलिस की गोली से हुआ लंगड़ा

Bulandshah News : बुलंदशहर में मंदिरों से आभूषण चोरी करने वाला शातिर चोर हिमांशु पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार हुआ।

Update:2026-05-19 09:39 IST

Bulandshahr Temple theft case

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद में मंदिरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले शातिर गैंगस्टर चोर हिमांशु को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से आरोपी घायल हो गया और अब अस्पताल में भर्ती है। बताया जा रहा है कि मंदिरों में देव प्रतिमाओं के आभूषण और छत्र चोरी करना उसका शगल बन चुका था।पूरा मामला बुलंदशहर के जहांगीराबाद क्षेत्र से जुड़ा है, जहां पुलिस लंबे समय से मंदिरों में हो रही चोरी की घटनाओं की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को आरोपी हिमांशु के बारे में अहम जानकारी मिली थी।

मंदिरों को बनाता था निशाना

एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि जिले में मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस जांच कर रही थी। इससे पहले पुलिस दो चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। पूछताछ के दौरान ही गैंगस्टर चोर हिमांशु का नाम सामने आया।

पुलिस के मुताबिक हिमांशु मंदिरों में चोरी करने में माहिर था और अपने गैंग के साथ मिलकर जिले के कई मंदिरों को निशाना बना चुका था। वह खासतौर पर देव प्रतिमाओं के आभूषण और मंदिरों में लगे चांदी के छत्र चोरी करता था।

चेकिंग के दौरान पुलिस से हुई मुठभेड़

एसपी देहात अंतरिक्ष जैन के अनुसार बीती रात आहार थाना क्षेत्र के गांव सियाली नगर निवासी हिमांशु बाइक से किसी वारदात को अंजाम देने जा रहा था। इसी दौरान पुलिस चेकिंग कर रही थी।पुलिस को देखकर बाइक सवार बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली हिमांशु के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल हालत में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चोरी की बाइक, चांदी और अवैध असलहा बरामद

पुलिस ने आरोपी हिमांशु के कब्जे से करीब 400 ग्राम चांदी बरामद की है। इसके अलावा चोरी की बाइक और अवैध असलहा भी पुलिस ने बरामद किया है।पुलिस के मुताबिक हिमांशु चामुंडा माता मंदिर अमरगढ़ और सिद्ध बाबा मंदिर चांदोंक में हुई चोरी की घटनाओं में वांछित चल रहा था। वह अपने गैंग के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

आरोपी पर दर्ज हैं 25 मुकदमे

पुलिस जांच में सामने आया है कि हिमांशु पर पहले से ही 25 मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और मंदिरों को अपना आसान टारगेट बनाता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।

Tags:    

Similar News