Bulandshahar/Noida: कमौना स्वास्थ्य शिविर में 178 मरीजों का मुफ्त इलाज, दवाएं और आयुष्मान कार्ड

Bulandshahar/Noida: कमौना में आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 178 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। दवाएं वितरित की गईं और पात्र लोगों के आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाए गए।

Update:2026-08-03 17:34 IST

 कमौना स्वास्थ्य शिविर में 178 मरीजों का मुफ्त इलाज, दवाएं और आयुष्मान कार्ड (Photo- Newstrack)

Bulandshahar/ Noida: ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में सोमवार को कमौना स्थित फ्रीडम फाइटर्स चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में शारदा मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने दूर-दराज के गांवों से आए 178 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया, आवश्यक दवाइयां वितरित कीं तथा पात्र लोगों के आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाए गए।


ट्रस्ट के प्रबंधक अश्वनी ठाकुर ने बताया कि ग्रामीण अंचलों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कमौना, पढ़ा, सरभन्ना, सहार, नारऊ, जलालपुर, कनैनी रिसालू, किरतपुर लदपुरा सहित आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मरीजों ने विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श लेकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और निशुल्क दवाइयों का लाभ उठाया।

उन्होंने बताया कि कई ऐसे मरीज भी पहुंचे जो लंबे समय से विभिन्न बीमारियों से परेशान थे, लेकिन आर्थिक कारणों से विशेषज्ञ चिकित्सकों से इलाज नहीं करा पा रहे थे। शिविर के माध्यम से उन्हें न केवल विशेषज्ञ परामर्श मिला बल्कि आवश्यक दवाइयां भी निशुल्क उपलब्ध कराई गईं। पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान भारत कार्ड बनाकर उन्हें भविष्य में पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधा का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।


शिविर का संचालन डॉ. अशोक कुमार राघव एवं डॉ. अरविंद कुमार राघव की देखरेख में किया गया। इस दौरान डॉ. चेतन (एमबीबीएस, पीजी), डॉ. चक्षु (एमबीबीएस, एमडी), डॉ. अभिनंदन (BUHMS), डॉ. वी.के. दक्ष तथा डॉ. गोविंद तोमर सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सलाह दी।

ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित होने चाहिए, जिससे गांवों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों को बिना किसी आर्थिक बोझ के बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। शिविर में पूरे दिन मरीजों की भीड़ लगी रही और चिकित्सकों ने धैर्यपूर्वक सभी का परीक्षण कर उचित उपचार उपलब्ध कराया।

कार्यक्रम के अंत में ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य सेवाएं देने वाली चिकित्सकों की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी समाजहित में ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से पहुंच सकें।

Tags:    

Similar News