Chandauli News: गंगा में छलांग लगाने वाले युवक का 3 दिन बाद मिला शव, पुल से कूदने की दर्दनाक कहानी स
Chandauli News: चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र में गंगा में छलांग लगाने वाले युवक रामप्रसाद राजभर का शव तीसरे दिन बरामद हुआ। पुलिस प्रेम प्रसंग के एंगल से मामले की जांच कर रही है। युवक घर से चिकन लेने की बात कहकर निकला था।
Chandauli News: चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र में गंगा नदी में छलांग लगाने वाले युवक का शव तीसरे दिन रविवार को महुअरकला गांव के पास गंगा किनारे उतराया मिला। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत युवक की पहचान वाराणसी जिले के चोलापुर थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव निवासी 25 वर्षीय रामप्रसाद राजभर के रूप में हुई है। युवक ट्रक मैकेनिक का काम करता था।
घर से चिकन लेने की बात कहकर निकला था युवक
परिजनों के मुताबिक, रामप्रसाद शुक्रवार शाम घर से यह कहकर निकला था कि वह चिकन लेने जा रहा है। देर रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी बीच शनिवार को बलुआ पुलिस द्वारा एक बाइक की तस्वीर सोशल मीडिया पर जारी की गई, जिसके बाद परिजन बलुआ थाने पहुंचे और बाइक की पहचान की। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुल पर खड़ी मिली बाइक, गंगा में लगा दी छलांग
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात एक युवक बलुआ पुल पर अपनी बाइक खड़ी करके गंगा नदी में कूद गया था। घटना को पीछे से आ रहे कुछ लोगों ने देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने तत्काल निजी गोताखोरों और नाव की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। हालांकि काफी प्रयास के बावजूद उस रात युवक का कोई पता नहीं चल सका।
तीसरे दिन गंगा किनारे मिला शव
लगातार खोजबीन के बाद रविवार को महुअरकला गांव के पास गंगा किनारे युवक का शव उतराया मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई गई। शव मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और गांव में मातम छा गया।
प्रेम प्रसंग की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
पुलिस को युवक की बाइक पर एक पर्स भी मिला, जिसमें एक पत्र रखा हुआ था। बताया जा रहा है कि वह पत्र “पूजा” नाम की किसी युवती के नाम लिखा गया था। शुरुआती जांच में पुलिस प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की आशंका जता रही है। हालांकि परिजनों ने इस तरह की किसी जानकारी से इनकार किया है। उनका कहना है कि रामप्रसाद सामान्य तरीके से घर से निकला था और परिवार को किसी विवाद की जानकारी नहीं थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।