Chandauli News: चंदौली में 10 दिन में 3089 वाहनों का चालान, 59 लाख जुर्माना

Chandauli News: चंदौली पुलिस ने यातायात अभियान के तहत 10 दिनों में 3089 वाहनों का चालान कर 59.35 लाख रुपये वसूले, 5 वाहन सीज किए गए।

Update:2026-05-17 21:52 IST

चंदौली में 10 दिन में 3089 वाहनों का चालान, 59 लाख जुर्माना (Photo- Newstrack)

Chandauli News: जनपद की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यातायात पुलिस ने आलमपुर और चंधासी कोयला मंडी सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने पिछले 10 दिनों के भीतर कुल 3,089 वाहनों का चालान करते हुए 59 लाख 35 हजार रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया है। वहीं, आज अकेले एक दिन में 545 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 7,16,500 रुपये का चालान काटा गया है। इस अभियान से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

आज की कार्रवाई: नो-पार्किंग पर चला डंडा, 5 वाहन सीज

यातायात पुलिस टीम ने आज चंधासी कोयला मंडी और आसपास के इलाकों में अवैध पार्किंग और ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को निशाना बनाया। सड़कों पर जाम लगाने वाले और आवागमन बाधित करने वाले वाहनों को चिन्हित कर विधिक कार्रवाई की गई। इस दौरान नो-पार्किंग में खड़े 165 वाहनों का चालान किया गया, जबकि गंभीर अनियमितता मिलने पर 05 वाहनों को सीज कर दिया गया। इसके अलावा, ब्रेथ एनलाइजर टेस्ट के जरिए शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 1 वाहन चालक पर भी कार्रवाई की गई।

सड़कों से हटाई गई कोयले की परत

चंधासी मंडी के सामने मुख्य सड़क पर कोयला लदे ट्रकों के लगातार आवागमन से सड़क पर कोयले की एक मोटी परत जम गई थी। इससे राहगीरों और दोपहिया वाहनों के फिसलने का खतरा बना हुआ था। यातायात पुलिस की टीम ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य सड़क से ट्रकों को हटवाया और सड़क पर जमी कोयले की खतरनाक परत को साफ करवाकर यातायात को सुरक्षित बनाया।

चालान के साथ वाहन चालकों को किया जागरूक

पुलिस टीम ने केवल दंडात्मक कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि वे शराब या किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ का सेवन करके गाड़ी न चलाएं। इसके साथ ही, हेलमेट-सीटबेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Tags:    

Similar News