Chandauli News: चार दिन से अंधेरे में नौगढ़ बाजार, बिजली बहाली की मांग

Chandauli News: चंदौली के नौगढ़ बाजार और बाघी ग्राम पंचायत में आंधी-तूफान के चार दिन बाद भी बिजली बहाल नहीं हुई। ग्राम प्रधान ने जल्द सप्लाई शुरू करने की मांग की।

Update:2026-05-17 22:03 IST

चार दिन से अंधेरे में नौगढ़ बाजार, बिजली बहाली की मांग (Photo- Newstrack)

Chandauli News: नौगढ़ विकास खंड की ग्राम पंचायत बाघी और स्थानीय नौगढ़ बाजार के लोग पिछले चार दिनों से भीषण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। चार दिन पहले आए तेज आंधी-तूफान के कारण चरमराई विद्युत आपूर्ति अब तक बहाल नहीं की जा सकी है। इससे नाराज ग्राम पंचायत बाघी की ग्राम प्रधान नीलम ओहरी, प्रधान प्रतिनिधि व समाजसेवी आशीष कुमार उर्फ दीपक गुप्ता ने बिजली विभाग के अधिकारियों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर खींचा है। उन्होंने मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द बिजली सप्लाई शुरू की जाए ताकि ग्रामीणों को इस तपती गर्मी में राहत मिल सके।

आंधी-तूफान से ठप हुई बिजली व्यवस्था

चार दिन पहले क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान की वजह से बिजली के तार और पोल क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिसके बाद से ही बाघी बाजार और आस-पास के ग्रामीण इलाकों की बत्ती पूरी तरह गुल है। चार दिन बीत जाने के बाद भी विभागीय लापरवाही के कारण बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो सकी है। बिजली न रहने से ग्रामीणों को पीने के पानी से लेकर मोबाइल चार्जिंग और अन्य दैनिक कार्यों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इन मोहल्लों में अब भी पूरी तरह ठप है सप्लाई

ग्राम प्रधान और समाजसेवियों ने बताया कि बाघी ग्राम पंचायत के कई हिस्सों में मरम्मत का काम बेहद सुस्त गति से चल रहा है। उन्होंने विशेष रूप से देवेश से, निजामुद्दीन और संतलाल शर्मा के घरों की तरफ जाने वाली विद्युत लाइनों का जिक्र करते हुए कहा कि इन इलाकों में अभी तक लाइट की सप्लाई बिल्कुल चालू नहीं हो पाई है। यहां के लोग पूरी तरह अंधेरे में रात काटने को विवश हैं।

विभागीय अधिकारियों से जल्द सुधार की अपील

प्रधान प्रतिनिधि आशीष कुमार उर्फ दीपक गुप्ता ने बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से अनुरोध किया है कि प्रभावित क्षेत्रों में अतिरिक्त कर्मचारियों को लगाकर काम में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि उमस और गर्मी के इस मौसम में बिजली न होने से बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही पूरे बाजार और प्रभावित घरों की लाइट सही नहीं की गई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Tags:    

Similar News