Chandauli Newsबिरयानी मिलने में देर हुई तो दबंगों ने दुकानदार की कर दी पिटाई, घटना कैमरे में हुई कैद

Chandauli News : चंदौली में बिरयानी मिलने में देरी पर दबंगों का हंगामा, दुकानदार से मारपीट और तोड़फोड़, घटना कैमरे में कैद

Update:2026-05-19 19:40 IST

Chandauli News : चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित मुरादाबादी बिरयानी दुकान पर शराब के नशे में धुत मनबढ़ युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। बिरयानी देने में हुई देरी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट और तोड़फोड़ में बदल गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले का वीडियो भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दो कुछ युवक बिरयानी खाने के लिए दुकान पर पहुंचे थे। इसी दौरान ऑर्डर देने के बाद बिरयानी मिलने में कुछ देर हो गई, जिससे युवक नाराज हो गए। आरोप है कि शराब के नशे में धुत युवकों ने पहले दुकान संचालक से गाली-गलौज शुरू की और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने लगे। देखते ही देखते दोनों ने दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी और वहां रखी बिरयानी को भी बर्बाद कर दिया।

इतना ही नहीं, आरोप है कि हंगामे के दौरान युवकों ने दुकान के गल्ले में रखे लगभग सात से आठ हजार रुपये भी निकाल लिए। दुकान पर मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो आरोपियों ने एक युवक की भी पिटाई कर दी। घटना से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर भीड़ जुट गई।

सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक हंगामा करते और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय व्यापारियों ने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए मनबढ़ युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद क्षेत्र के दुकानदारों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस मारपीट करने वाले युवकों को थाने में बैठा कर नियमानुसार कार्रवाई करने में जुटी।

Tags:    

Similar News