Chandauli News: चंदौली में बंद मकान से लाखों की चोरी, परिवार बाहर गया था, पुलिस जांच में जुटी
Chandauli News: चंदौली के मुगलसराय क्षेत्र में बंद मकान से चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: जनपद चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत डहिया इलाके में बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी उस समय हुई जब मकान मालिक परिवार के साथ बाहर से वापस लौटा। चोरी की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
बताया जा रहा है कि दवा व्यवसायी राजेंद्र नारायण शर्मा अपने परिवार के साथ किसी पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कानपुर गए हुए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोर मकान में घुस गए और अंदर रखी नगदी, सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने बड़ी ही सफाई से अलमारी और कमरों की तलाशी ली और सामान बिखेरते हुए वारदात को अंजाम दिया।
जब परिवार कानपुर से वापस लौटा तो घर का ताला टूटा देखकर सभी के होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो कमरे अस्त-व्यस्त पड़े थे और अलमारी से नगदी व जेवरात गायब थे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही औद्योगिक नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।
पीड़ित राजेंद्र नारायण शर्मा ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों की तलाश में जुट गई है। इस संबंध में मुगलसराय थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।