Chandauli News : आग ने गरीब के अरमानों को किया खाक,जल कर सब कुछ हुआ स्वाहा

Chandauli News : चंदौली के दरबेशपुर गांव में भीषण आग से गरीब परिवार की मड़ई और गृहस्थी जलकर राख, मदद की मांग

Update:2026-05-18 20:46 IST

Chandauli News : चंदौली जनपद के सदर तहसील क्षेत्र अंतर्गत दरबेशपुर ग्राम पंचायत में उस समय अफरातफरी मच गई जब एक रिहायशी मड़ई में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी मड़ई आग की लपटों में घिर गई। घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि ग्रामीण शॉर्ट सर्किट या चिंगारी को संभावित वजह मान रहे हैं। आग की भयावहता इतनी ज्यादा थी कि परिवार को संभलने तक का मौका नहीं मिला और मड़ई में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, जरूरी दस्तावेज तथा जीवनयापन से जुड़ा लगभग सारा सामान जलकर राख हो गया। परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।

घटना के बाद गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए बाल्टी, डिब्बे और मोटर के सहारे पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर खाक हो चुकी थी।

इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्रों में गरीब परिवारों की स्थिति और आवासीय योजनाओं की जमीनी हकीकत पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार कई वर्षों से कच्ची मड़ई में रहने को मजबूर था और अब आग लगने के बाद उनके सिर से छत भी छिन गई है।घटना के बाद ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री, आर्थिक सहायता और आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पात्र परिवारों को सरकारी आवास योजनाओं का लाभ मिला होता तो शायद आज यह परिवार इस त्रासदी का शिकार नहीं होता।

Tags:    

Similar News