Chandauli News: चंदौली दिघवट गांव में जमीन विवाद में युवक की पिटाई, वीडियो वायरल से हड़कंप

Chandauli News : चंदौली दिघवट गांव में जमीन विवाद को लेकर युवक की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल, पीड़ित ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

Update:2026-05-02 12:19 IST

Chandauli News : चंदौली जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत दिघवट गांव में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि घटना के दो दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है, जिससे वह लगातार कोतवाली के चक्कर लगाने को मजबूर है और उसका परिवार भय के माहौल में जी रहा है।

पीड़ित अमेरिका राजभर, निवासी दिघवट कुटिया गांव, ने बताया कि 30 अप्रैल की रात करीब 8 बजे वह मजदूरी करके अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव के ही 5 से 6 लोगों ने पुरानी जमीन की रंजिश को लेकर उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर उस पर अचानक हमला बोल दिया और उसे जमीन पर पटक-पटक कर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।


पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने लात-घूंसों और थप्पड़ों से तब तक मारपीट की, जब तक वह बेसुध होकर जमीन पर नहीं गिर पड़ा। मारपीट में उसे गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई।अमेरिका राजभर का आरोप है कि बीच-बचाव के दौरान भी आरोपी गाली-गलौज करते रहे और उसे जान से मारने की धमकी दी।

इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसकी जेब में रखे करीब 3000 रुपये भी छीन लिए। जाते-जाते आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी भी दी।पीड़ित का कहना है कि वह न्याय की उम्मीद में लगातार चंदौली कोतवाली के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अब तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।इस मामले में सदर कोतवाल बी.के. पांडेय ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। हल्का दरोगा से जानकारी लेकर आवश्यक जांच कर मुकदमा दर्ज करते हुए उचित कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News