Chandauli News: अतिक्रमण हटाने के दौरान एसडीएम और थाना प्रभारी में तीखी नोकझोंक बनी चर्चा का विषय
Chandauli News: चंदौली के मुगलसराय में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान एसडीएम और थाना प्रभारी के बीच हुई तीखी बहस चर्चा का विषय बन गई।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जनपद के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर(मुगलसराय) में चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान शनिवार को उस समय अजीब स्थिति पैदा हो गई, जब मौके पर मौजूद एसडीएम अनुपम मिश्र और मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। दोनों अधिकारियों के बीच हुई बहस को देखकर मौके पर मौजूद प्रशासनिक कर्मियों, पुलिसकर्मियों, व्यापारियों और स्थानीय लोगों में चर्चा का माहौल बन गया।
मामला मुगलसराय के व्यस्त जीटी रोड पर चल रहे अतिक्रमण हटाने अभियान के दौरान सामने आया। बताया जा रहा है कि अभियान की निगरानी कर रहे एसडीएम अनुपम मिश्रा किसी व्यवस्था को लेकर पुलिसकर्मियों पर नाराजगी जाहिर कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने थाना प्रभारी को भी सख्त लहजे में निर्देश दिए, जिस पर माहौल अचानक गर्म हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एसडीएम के तेवर देखकर थाना प्रभारी भी नाराज हो गए और उन्होंने मौके पर ही अपनी बात मजबूती से रखी। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस पिछले तीन दिनों से लगातार अभियान में लगी हुई है और सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही है। ऐसे में पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाना उचित नहीं है।
देखते ही देखते दोनों अधिकारियों के बीच कुछ देर तक बहस होती रही, जिसे देखकर आसपास मौजूद लोग रुककर नजारा देखने लगे। बाजार में मौजूद व्यापारियों और राहगीरों के बीच यह घटना चर्चा का विषय बन गई। हालांकि मौके पर मौजूद अन्य प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद अभियान दोबारा शुरू हो गया।जीटी रोड पर चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के बीच अधिकारियों के बीच हुई यह नोकझोंक अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक आनंद चंद्रशेखर ने बताया कि मुगलसराय में अतिक्रमण हटाने के दौरान एक वीडियो वायरल हो रहा है लेकिन उसमें आवाज स्पष्ट नहीं है मामले की जांच की जाएगी।