Chandauli News: 50 हज़ार का इनामी बदमाश चंडीगढ़ से गिरफ्तार, चंदौली पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी

Chandauli News: चंदौली पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश कपिल देव वर्मा को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी 2022 के अवैध शराब तस्करी और फर्जी दस्तावेज मामले में फरार था।

Update:2026-08-13 18:19 IST

Chandauli News

Chandauli News: उत्तर प्रदेश की चंदौली पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। सैयदराजा थाना पुलिस ने इस कार्रवाई को पंजाब के चंडीगढ़ में स्थानीय पुलिस के सहयोग से अंजाम दिया। पकड़ा गया आरोपी अवैध शराब तस्करी और फर्जी दस्तावेज बनाने के मामले में वांछित था।

घर के बाहर से धर दबोचा गया आरोपी

सैयदराजा पुलिस को सूचना मिली थी कि 50,000 का इनामी आरोपी कपिल देव वर्मा (उर्फ कपिल वर्मा करवल) अपने घर के आसपास देखा गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने चंडीगढ़ के सेक्टर 52 (कझेरी) स्थित उसके घर के बाहर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से चंडीगढ़ का ही रहने वाला है।

2022 के शराब तस्करी मामले में थी तलाश

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2022 में सैयदराजा क्षेत्र में पुलिस, आबकारी विभाग और जीएसटी (GST) टीम ने एक संयुक्त कार्रवाई की थी। इस दौरान आरोपी की एक गाड़ी से 450 पेटी (लगभग 4,010 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई थी। इस मामले में पुलिस ने जालसाजी और आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया था। कार्रवाई के बाद से ही आरोपी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था।

आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

पकड़े गए आरोपी कपिल देव वर्मा का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है: सैयदराजा थाना (चंदौली): वर्ष 2022 में धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और अवैध शराब तस्करी के तहत मामला दर्ज। काकोरी थाना (लखनऊ): आबकारी अधिनियम और धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज।

पुलिस टीम की भूमिका

इस इनामी अपराधी को पकड़ने में सैयदराजा थाना अध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उप निरीक्षक रामकुमार दुबे और आरक्षी गोविंद मिश्रा की मुख्य भूमिका रही। पुलिस आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर आगे की प्रक्रिया में जुट गई है।

Tags:    

Similar News