Chandauli News: कागजी कड़ाई या जमीनी मुस्तैदी? एसपी के तेवर कड़े, चौकीदारों को भी दी अंतिम चेतावनी
Chandauli News: चंदौली के कंदवा थाने के वार्षिक निरीक्षण के दौरान एसपी आकाश पटेल ने लंबित मामलों के निस्तारण, रात्रि गश्त, अपराध नियंत्रण और जनशिकायतों के समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
Chandauli News
Chandauli News: कानून- व्यवस्था को पटरी पर लाने के दावे चाहे जितने बड़े हों, लेकिन जब तक जमीनी स्तर पर कसावट नहीं होगी, तब तक अपराध पर नकेल कसना नामुमकिन है। इसी जमीनी हकीकत को परखने और ढुलमुल रवैये पर चाबुक चलाने के लिए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने थाना कंदवा का वार्षिक निरीक्षण किया। एसपी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि पुलिसिंग में अब कोई हीला- हवाली नहीं चलेगी। काम में लापरवाही बर्दाश्त करने का दौर खत्म हो चुका है, सीधे अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
कागजों से बाहर निकलकर काम करे पुलिस
निरीक्षण के दौरान एसपी ने सीसीटीएनएस कक्ष से लेकर मालखाना, शस्त्रागार और हवालात तक का जायजा लिया। दफ्तर में धूल फांक रहे जनसुनवाई, अपराध और भूमि विवाद रजिस्टरों को देखकर कड़े निर्देश दिए गए कि आंकड़ों की बाजीगरी बंद कर लंबित मुकदमों का तुरंत निपटारा किया जाए। थानों के चक्कर काट रहे फरियादियों को टरकाने की आदत छोड़ पुलिसकर्मी उनकी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करें। मालखाने में सड़ रहे सीज वाहनों का भी कोर्ट के आदेशानुसार जल्द निस्तारण करने की हिदायत दी गई।
थाने की चौखट से परे गांव-गांव की खबर रखने वाले ग्राम चौकीदारों के साथ भी एसपी ने बैठक की। उन्हें अंगवस्त्र देकर सम्मानित तो किया गया, लेकिन साथ ही सख्त लहजे में हिदायत भी दी गई। एसपी ने स्पष्ट किया कि गांव में होने वाली छोटी से छोटी संदिग्ध गतिविधि या गुटबाजी की सूचना तुरंत पुलिस को मिलनी चाहिए। सूचना छिपाने या लापरवाही बरतने वाले चौकीदारों की अब खैर नहीं होगी।
आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील इलाकों में सिर्फ पुलिस बल तैनात करना ही काफी नहीं है, बल्कि रात की गश्त और चेकिंग में भी तेजी लानी होगी। वांछित और वारंटी अपराधियों को खुले घूमने देने के बजाय उन्हें जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाए। एसपी ने कंदवा थाना प्रभारी सहित पूरे स्टाफ को दो टूक कह दिया है कि महिला अपराधों पर तुरंत एक्शन लें और फरियादियों से बदसलूकी बंद करें। काम में ढिलाई बरतने वाले अफसरों और कर्मचारियों पर अब सीधी गाज गिरना तय है।