चंदौली के परिवार के साथ आजमगढ़ में हुई घटना को लेकर संघर्ष मोर्चा ने मुख्यमंत्री के नाम दिया ज्ञापन

Chandauli News: आजमगढ़ के तहबरपुर थाना क्षेत्र में चंदौली निवासी परिवार की कार का शीशा तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी के मामले में युवा संघर्ष मोर्चा ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। मोर्चा ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

Update:2026-08-12 16:58 IST

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जनपद के सकलडीहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली उकनी बीरम राय ग्राम सभा के निवासी प्रवीण कुमार मिश्रा केंद्रीय कर्मचारी हैं। स्थानांतरण होने के बाद वह अपने परिवार के साथ पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जा रहे थे। इसी दौरान आजमगढ़ स्थित तहबरपुर थाना क्षेत्र में कुछ अपराधियों ने चाय पीने के दौरान उनकी गाड़ी का शीशा तोड़कर लगभग 20 लाख रुपये से अधिक के जेवरात और करीब 20 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।

उक्त घटना के संबंध में थाना पुलिस द्वारा अपराध संख्या 109/2026, बीएनएस की धारा 305, 324(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, घटना को लगभग एक माह बीत जाने के बावजूद अभी तक कोई ठोस प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हो सकी है।इस मामले को लेकर आज युवा संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार सकलडीहा अनुराग सिंह के माध्यम से सौंपा।युवा संघर्ष मोर्चा के संयोजक शैलेंद्र पांडेय ‘कवि’ ने कहा कि आम जनता की मूलभूत आवश्यकताओं में शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा प्रमुख हैं। आम जनमानस इस तरह की घटनाओं से स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है। आजमगढ़ जिले में हुई इस घटना से चंदौली जनपद के लोग बेहद मर्माहत हैं।

उन्होंने कहा कि आजमगढ़ पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने के कारण पीड़ित परिवार की मानसिक स्थिति भी काफी खराब हो गई है। घटना के बाद से जांच के सिलसिले में परिवार पूरी तरह टूट चुका है। इस घटना को लेकर चंदौली की आम जनता में भी काफी रोष है।शैलेंद्र पांडेय ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो युवा संघर्ष मोर्चा द्वारा व्यापक आंदोलन किया जाएगा।ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से दीक्षा, छोटे, विनय प्रकाश तिवारी, ईश्वर चंद पांडेय, त्रिलोक चौबे आदि शामिल रहे।

Tags:    

Similar News