Chandauli News: सड़क किनारे मिला युवक का शव, अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत की आशंका

Chandauli News: चंदौली में सड़क किनारे युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत की आशंका, पुलिस जांच में जुटी।

Update:2026-08-11 12:49 IST

Chandauli News(Photo-Social Media)

Chandauli News: चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र के सुरतापुर पथरा देतरा बाबा मंदिर के पास मंगलवार की सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चंदौली स्थित मार्चरी हाउस भेज दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया सड़क हादसे में युवक की मौत मानकर जांच कर रही है। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार की सुबह शहीद मार्ग-रमोली मार्ग के किनारे एक व्यक्ति के सड़क हादसे में मृत पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक के पास से आधार कार्ड बरामद हुआ, जिसके आधार पर उसकी पहचान सुनील विश्वकर्मा (26) पुत्र बुल्लू विश्वकर्मा, निवासी फूटिया, थाना चंदौली के रूप में हुई।

बताया जा रहा है कि सुनील डिस्कवर मोटरसाइकिल संख्या AP 24 AW 1914 से जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि रात के समय किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया और गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। हादसा किस वाहन से हुआ और घटना के समय युवक कहां से आ रहा था, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। सीओ सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि किसी वाहन से एक्सीडेंट होने की आशंका है। सुबह ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। हादसे की वास्तविक स्थिति पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल मौके पर कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं है।

Tags:    

Similar News