Chandauli: विधायक सुशील सिंह ने किया तिरंगा यात्रा का नेतृत्व, भारत माता के जयकारों से गूंजा धानापुर

Chandauli News: चंदौली के धानापुर में अगस्त क्रांति के अवसर पर विधायक सुशील सिंह के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। शहीद पार्क से शुरू यात्रा में हजारों लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयकारे लगाए।

Update:2026-08-11 19:20 IST

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जनपद के शहीदी धरती धानापुर अगस्त क्रांति के अवसर पर मंगलवार को धानापुर क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह ने यात्रा का नेतृत्व किया। शहीद पार्क से शुरू हुई तिरंगा यात्रा बउरहवा बाबा मंदिर होते हुए हनुमान मंदिर पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने शामिल होकर देशभक्ति का संदेश दिया। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारे लगाए, जिससे पूरा धानापुर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत शहीद पार्क में शहीदों को नमन और श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। विधायक सुशील सिंह ने कहा कि तिरंगे की शान में हर दिल हिंदुस्तानी है। अगस्त क्रांति का यह अवसर देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले वीरों के त्याग और बलिदान को याद करने का समय है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और शहीदों के योगदान की जानकारी मिलती है।विधायक ने कहा कि देश को 15 अगस्त 1947 को स्वतंत्रता मिली, लेकिन धानापुर की धरती ने वर्ष 1942 में ही अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंक दिया था। यहां के लोगों ने अंग्रेजों के विरुद्ध आंदोलन कर क्षेत्र में स्वतंत्रता की अलख जगाई थी। धानापुर का यह गौरवशाली इतिहास आज भी लोगों को राष्ट्रहित के लिए प्रेरणा देता है।

यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा और स्वागत कर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। हजारों लोगों की मौजूदगी में निकली यात्रा में युवाओं और बुजुर्गों के साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति नारों से पूरा इलाका गूंजता रहा।विधायक सुशील सिंह ने युवाओं से शहीदों के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की स्वतंत्रता, गौरव, प्रेम और बलिदान का प्रतीक है। युवाओं को अनुशासन और लगन के साथ अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज और राष्ट्र की प्रगति में करना चाहिए।इस अवसर पर क्षेत्र पंचायत प्रमुख अजय सिंह, कमलाकांत मिश्रा, अरविंद मिश्रा, श्यामलाल वर्मन, आनंद सिंह, रामजी मौर्य, प्रधान बबलू यादव, गोपाल बिंद, सुजीत जायसवाल, शशि रस्तोगी, विकास राजभर, विनोद बिंद, जगदीश खरवार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News