Chandauli News: डकैती और हत्या में शामिल 50 हजार के इनामी अपराधी की पुलिस के साथ हुई मुठभेड़

Chandauli News: चंदौली के सैयदराजा में डकैती और हत्या के मामले में वांछित 50 हजार के इनामी राजू मुसहर से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगी।

Update:2026-08-12 21:41 IST

Chandauli Police Encounter News

Chandauli News: चंदौली जिले के सैयदराजा क्षेत्र में डकैती और हत्या की घटना में शामिल 50 हजार के शातिर इनामी अपराधी को पुलिस ने मुठभेड़ में लंगड़ा कर दिया है।अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुलिस और 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश राजू मुसहर के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान राजू मुसहर के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।यह मुठभेड़ बुधवार की देर शाम सैयद राजा इलाके में हुईं।

जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच, और सैयदराजा पुलिस की संयुक्त टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को डकैती के एक मामले में वांछित चल रहे 50 हजार के इनामी राजू मुसहर के क्षेत्र में होने की सूचना मिली।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सैयदराजा इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली राजू के पैर में लग गई।

पुलिस टीम ने घायल बदमाश को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने उसके कब्जे से हथियार और कारतूस बरामद किए जाने की बात कही है। हालांकि बरामदगी से जुड़ी विस्तृत जानकारी पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई के बाद स्पष्ट होगी।

बताया जा रहा है कि पिछले दिनों हुई डकैती की घटना के मामले में राजू मुसहर वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था.मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में सघन जांच अभियान चलाया। पुलिस टीम द्वारा घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Tags:    

Similar News