Chandauli News:कोहरे का असर: 1 दिसंबर से 28 फरवरी तक कई ट्रेनें रद्द, यात्रा से पहले जरूर देखें पूरी
Chandauli News: कोहरे के कारण रेलवे ने 1 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक कई प्रमुख ट्रेनों को किया रद्द, कई के फेरों में कटौती, यात्रा से पहले देखें सूची
Chandauli News: सर्दियों के मौसम में घने कोहरे की आशंका को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने संरक्षित और सुरक्षित रेल परिचालन के लिए बड़ा कदम उठाया है। रेलवे ने आगामी 1 दिसंबर 2026 से 28 फरवरी 2027 तक कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को पूरी तरह रद्द करने, कुछ को आंशिक रूप से रद्द करने और कई ट्रेनों के फेरों में कटौती करने का निर्णय लिया है। इस फैसले का सीधा असर बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।
ये प्रमुख ट्रेनें रहेंगी पूरी तरह रद्द
कोहरे के कारण दिसंबर से फरवरी के अंत तक 20 जोड़ी अप-डाउन ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इनमें प्रमुख रूप से प्रयागराज-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (14111/14112), झांसी-कोलकाता एक्सप्रेस (22197/22198), सांतरागाछी-आनंद विहार एक्सप्रेस (22857/22858) और मालदा टाउन-नई दिल्ली एक्सप्रेस (14003/14004) शामिल हैं। इसके अलावा बरौनी-अंबाला हरिहर एक्सप्रेस (14523/14524), पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस (14617/14618), डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (15903/15904), कामाख्या-गया एक्सप्रेस (15619/15620), कामाख्या-आनंद विहार एक्सप्रेस (15621/15622) और हावड़ा-देहरादून उपासना एक्सप्रेस (13035/13036) भी इस अवधि के दौरान नहीं चलेंगी।
इन ट्रेनों के फेरों में की गई कटौती
रेलवे ने कई ट्रेनों को पूरी तरह रद्द करने के बजाय उनके चलने के दिनों में कमी की है। इनमें ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस (11123/11124), आनंद विहार-भागलपुर गरीबरथ एक्सप्रेस (22405/22406), पाटलिपुत्र-लखनऊ एक्सप्रेस (15033/15034) और पाटलिपुत्र-गोरखपुर एक्सप्रेस (15079/15080) शामिल हैं, जो सप्ताह के तय दिनों में रद्द रहेंगी। इसी तरह टनकपुर-सिंगरौली और शक्तिनगर त्रिवेणी एक्सप्रेस, कामाख्या-आनंद विहार नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस (12505/12506), सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस (15483/15484), अवध आसाम एक्सप्रेस (15909/15910), अजमेर-सियालदह एक्सप्रेस (12987/12988), हावड़ा-काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस (13019/13020) और कोलकाता-अमृतसर एक्सप्रेस (12357/12358) भी अलग-अलग निर्धारित दिनों पर निरस्त रहेंगी।
आंशिक रूप से रद्द रहेगी चंबल एक्सप्रेस
दो ट्रेनों के रूट को छोटा (आंशिक रद्द) किया गया है। गाड़ी संख्या 12177 हावड़ा-मथुरा जंक्शन चंबल एक्सप्रेस 4 दिसंबर 2026 से 26 फरवरी 2027 तक आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन के बीच रद्द रहेगी। वहीं, वापसी में 12178 मथुरा-हावड़ा चंबल एक्सप्रेस 7 दिसंबर 2026 से 22 फरवरी 2027 तक मथुरा से आगरा कैंट के बीच नहीं चलेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति की जांच अवश्य कर लें।