चिरईगांव पीएचसी में दवाइयां और डॉक्टर नदारद, पूर्व विधायक ने स्वास्थ्य सुविधाओं पर उठाए सवाल

Chandauli News: चंदौली के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव में दवाइयों, डॉक्टरों और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने सवाल उठाए। सीएमओ ने 15 दिनों में समस्याओं के समाधान का भरोसा दिया।

Update:2026-08-13 20:52 IST

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जनपद के सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू गुरुवार को अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया तो कई खामियां व कमियां सामने आयीं। ग्रामीणों ने बताया कि अस्पताल में न तो दवाईयां मिलती है और ना ही यहां डाक्टर मिलते हैं। ऐसे में उन्हें दवा-ईलाज के दूसरे स्थान जाना पड़ता है। निरीक्षण के दौरान अस्पताल पर तैनात चिकित्सक भी लेट पहुंचे। 

इस दौरान पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू अस्पताल की सुविधाओं को लेकर चिकित्सक से जवाब-तलब किया, जिनका समुचित जवाब चिकित्सक नहीं दे पाए। उक्त अस्पताल में अव्यवस्था का आलम यह रहा कि वहां लगे पंखें व समरसेबल चोरी हो गए। अस्पताल परिसर में घास-फूंस इतने बढ़ गए हैं कि विषैले जंतुओं का खौफ हमेशा हुआ है। बाउंड्री क्षतिग्रस्त होने के कारण अस्पताल में अराजकत तत्वों का आना-जाना लगा रहता है। वहीं चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी रात के समय अस्पताल नहीं रुकते। जिस कारण रात के वक्त चिकित्सा सेवाओं के निजी अस्पतालों की शरण में जाना पड़ता है।

तमाम समस्याओं व ग्रामीणों की शिकायतों को देखते हुए पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने सीएमओ से टेलीफोनिक वार्ता की और अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिरईगांव की समस्याओं व अव्यवस्था से अवगत कराया। कहा कि इन तमाम समस्याओं का निस्तारण करते हुए अस्पताल पर ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित कराएं। साथ ही अस्पताल में तैनात चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों को अस्पताल पर ठहराव सुनिश्चित किया जाए। क्योंकि करोड़ों रुपये की लागत से अस्पताल में चिकित्सक व कर्मचारी आवास बनाया गया है। इस पर सीएमओ ने 15 दिनों के अंदर समस्याओं को दूर करने का भरोसा दिया। चेताया कि यदि तय समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ बड़ा आंदोलन होगा।

Tags:    

Similar News