Chandauli News: एसपी का बड़ा एक्शन, कर्तव्यों में लापरवाही पर उपनिरीक्षक निलंबित
Chandauli News: चंदौली में मोबाइल छिनैती मामले में लापरवाही और एफआईआर दर्ज न करने पर एसपी आकाश पटेल ने उपनिरीक्षक को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की।
एसपी का बड़ा एक्शन, कर्तव्यों में लापरवाही पर उपनिरीक्षक निलंबित (Photo- Newstrack)
Chandauli News: चंदौली पुलिस विभाग में कर्तव्यों के प्रति लापरवाही और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने थाना कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक संजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और स्पष्ट संदेश दिया गया है कि जनता की शिकायतों में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपनिरीक्षक संजय कुमार ने दिखाई लापरवाही
जानकारी के अनुसार, एक आवेदक ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत करते हुए बताया कि 20 मई 2026 को शाम करीब चार बजे कुछ लोगों ने उनका मोबाइल फोन झपट लिया था। पीड़ित ने घटना की सूचना थाना कोतवाली में दी, लेकिन आरोप है कि उपनिरीक्षक संजय कुमार ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। शिकायत के मुताबिक उन्होंने न तो उच्चाधिकारियों को सही सूचना दी और न ही एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया अपनाई।
आरोप यह भी है कि उपनिरीक्षक ने पीड़ित पर दबाव बनाते हुए चोरी या छिनैती की घटना दर्ज कराने के बजाय केवल मोबाइल गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाने की बात कही। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता माना और तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक को निलंबित कर दिया।
उपनिरीक्षक को पुलिस अधीक्षक ने किया निलंबित
विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है और जांच पूरी होने तक निलंबित उपनिरीक्षक को पुलिस लाइन चंदौली से संबद्ध किया गया है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्पष्ट कहा है कि जनता की शिकायतों पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों में लापरवाही बरतता है या पुलिस की छवि धूमिल करता है, तो उसके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को लेकर आमजन में भी सकारात्मक संदेश गया है और लोग इसे पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं।