Chitrakoot News: ओरा पंप कैनाल की बिजली बहाल, किसानों के लिए फिर शुरू हुई सिंचाई जलापूर्ति
Chitrakoot News: चित्रकूट में सीडीओ डीपी पाल ने ओरा पंप कैनाल का निरीक्षण किया। विद्युत आपूर्ति बहाल होने के बाद नहर में दोबारा जलापूर्ति शुरू कर दी गई, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलने लगा।
Chitrakoot News
Chitrakoot News: मुख्य विकास अधिकारी डी.पी. पाल ने विकासखंड पहाड़ी स्थित ओरा पंप कैनाल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड राजापुर भी मौजूद रहे और विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की कार्रवाई की गई।निरीक्षण के समय ओरा पंप कैनाल की विद्युत आपूर्ति बाधित पाई गई। इस संबंध में अधिशासी अभियंता, विद्युत ने अवगत कराया कि कुछ किसानों द्वारा पहाड़ी फीडर से विद्युत आपूर्ति बाधित कर दी गई थी।
सीडीओ के निर्देश पर संबंधित थाना पुलिस से समन्वय स्थापित कर विद्युत आपूर्ति तत्काल बहाल कराई गई। विद्युत आपूर्ति शुरू होते ही ओरा पंप कैनाल का पंप संचालित हो गया और नहर में जलापूर्ति पुनः शुरू कर दी गई। वर्तमान में ओरा पंप कैनाल के माध्यम से किसानों को सिंचाई के लिए सुचारु रूप से पानी उपलब्ध कराया जा रहा है।निरीक्षण के दौरान नलकूप खंड, बांदा द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में कुल 20 राजकीय नलकूपों में से 18 नलकूप क्रियाशील हैं, जबकि 2 नलकूप अक्रियाशील हैं।
इसके अतिरिक्त अधिशासी अभियंता, सिंचाई प्रखंड प्रथम द्वारा बरुआ बांध एवं चिल्लिमल पंप कैनाल से तथा अधिशासी अभियंता, सिंचाई निर्माण खंड, कर्वी द्वारा गुन्ता बांध से किसानों को सिंचाई हेतु जलापूर्ति किए जाने के संबंध में विस्तृत आख्या प्रस्तुत की गई।मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को सिंचाई के लिए निर्बाध और समयबद्ध जल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। विद्युत आपूर्ति एवं सिंचाई व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखते हुए किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे किसानों को किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े।