Chitrakoot News: चार माह में 1015 राजस्व वाद निपटाए, प्रदेश में कर्वी तहसील दूसरे स्थान पर

Chitrakoot News: 880 नए मामलों के मुकाबले 1015 वादों का हुआ निस्तारण, प्रदेश की 350 तहसीलों में कर्वी को मिला दूसरा स्थान, एसडीएम अजय कुमार को मिलेगा प्रशस्ति पत्र।

Update:2026-11-26 17:47 IST

चार माह में 1015 राजस्व वाद निपटाए, प्रदेश में कर्वी तहसील दूसरे स्थान पर (Photo- Newstrack)

Chitrakoot News: चित्रकूट। राजस्व वादों के त्वरित निस्तारण में कर्वी तहसील ने प्रदेश स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। बीते चार माह में उप जिलाधिकारी कर्वी (सदर) के न्यायालय में 880 राजस्व वाद दर्ज हुए, जबकि इसके सापेक्ष 1015 वादों का निस्तारण किया गया। इस उपलब्धि के साथ कर्वी तहसील ने प्रदेश की 350 तहसीलों में आजमगढ़ के बाद दूसरा स्थान हासिल किया है। बेहतर कार्य के लिए राजस्व परिषद ने एसडीएम अजय कुमार को प्रशस्ति पत्र देने के निर्देश दिए हैं।

राजस्व परिषद के अध्यक्ष की अध्यक्षता में 17 नवंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों के साथ समीक्षा बैठक हुई थी। इसमें राजस्व वादों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की गई। कर्वी एसडीएम न्यायालय के चार माह के आंकड़ों में वादों के निस्तारण की स्थिति बेहतर पाई गई।

आंकड़ों के अनुसार जुलाई 2026 में 296 वाद दर्ज हुए, जबकि 182 का निस्तारण किया गया। अगस्त में 334 वादों के सापेक्ष 412, सितंबर में 198 के सापेक्ष 224 और अक्टूबर में 52 वादों के सापेक्ष 197 मामलों का निस्तारण हुआ। इस तरह चार माह में कुल 1015 वाद निस्तारित किए गए।

पांच साल से पुराने मामलों के निस्तारण पर भी सराहना

राजस्व परिषद ने पांच वर्ष से अधिक समय से लंबित राजस्व वादों के निस्तारण की प्रगति पर भी संतोष जताया। नए दर्ज मामलों की तुलना में अधिक वादों का निस्तारण होने पर एसडीएम अजय कुमार के कार्यों की सराहना की गई। परिषद ने उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। इस उपलब्धि से राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह है।

Tags:    

Similar News