चित्रकूट में सामूहिक विवाह समारोह, 172 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ; 15 जोड़े रहे अनुपस्थित

Chitrakoot News: चित्रकूट के रामनगर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 172 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। समारोह में जनप्रतिनिधियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर सुखद जीवन की शुभकामनाएं दीं।

Update:2026-11-25 18:01 IST

Chitrakoot News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बुधवार को मऊ-मानिकपुर विधानसभा क्षेत्र के सीपी गौतम महाविद्यालय, देवधा रामनगर में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इसमें 172 जोड़े विवाह बंधन में बंधकर एक-दूजे के हो गए। जबकि पंजीकृत 187 जोड़ों में से 15 जोड़े समारोह में शामिल नहीं हुए। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद देकर सुखमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में विकासखंड मऊ के 79, मानिकपुर के 52 और रामनगर के 35 जोड़ों का पंजीकरण कराया गया था। इसके अलावा नगर पंचायत राजापुर के सात और नगर पंचायत मऊ के 14 जोड़े भी शामिल थे। नगर पंचायत मानिकपुर से कोई पंजीकरण नहीं हुआ था।

मऊ-मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी उर्फ लल्ली भैया ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। योजना के माध्यम से बेटियों का विवाह सम्मान और गरिमा के साथ संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को अच्छी शिक्षा दिलाने पर भी विशेष ध्यान देने की अपील की।

मुख्य विकास अधिकारी देवी प्रसाद पाल ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में गृहस्थी की स्थापना के लिए भेजे जाते हैं। 15 हजार रुपये विवाह आयोजन पर खर्च होते हैं, जबकि 21 हजार रुपये की गृहस्थी की सामग्री उपहार स्वरूप दी जाती है। इसमें स्टील के बर्तन, प्रेशर कुकर, साड़ी, चुनरी, कपड़े, ट्रॉली बैग, गद्दा, चादर, कंबल, तकिया, वैनिटी किट और दीवार घड़ी शामिल हैं।

समारोह में रामनगर ब्लॉक प्रमुख गंगाधर मिश्रा, मानिकपुर ब्लॉक प्रमुख अरविंद मिश्रा, कोऑपरेटिव अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, नगर पंचायत मानिकपुर के विनोद द्विवेदी, नगर पंचायत मऊ के अध्यक्ष अमित द्विवेदी सहित ग्राम प्रधानों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम का संचालन जिला समाज कल्याण अधिकारी वैभव त्रिपाठी ने किया।

Tags:    

Similar News