Chitrakoot News: भोजपुरी फिल्म ‘बसेरा’ में दमदार भूमिका निभा रहे बरगढ़ पाठा के संतोष सोनी

Chitrakoot News: बरगढ़ पाठा के संतोष सोनी ने फिल्म में निभाया नायक के पिता का किरदार, ट्रेलर यूट्यूब पर रिलीज, बॉलीवुड और टीवी सीरियल में भी दिखा चुके हैं अभिनय।

Update:2026-11-28 22:56 IST

 भोजपुरी फिल्म ‘बसेरा’ में दमदार भूमिका निभा रहे बरगढ़ पाठा के संतोष सोनी (Photo- Newstrack)

Chitrakoot News: बरगढ़ पाठा की प्रतिभाएं अब फिल्मी दुनिया में भी अपनी पहचान बना रही हैं। क्षेत्र के संतोष सोनी पुत्र गणपत लाल सोनी भोजपुरी फिल्म में दमदार अभिनय कर जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। जयंत फिल्म्स एंड एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी भोजपुरी फिल्म ‘बसेरा’ का ट्रेलर यूट्यूब चैनल रुद्र मूवीज ऑफिशियल पर रिलीज हो चुका है। इस फिल्म में संतोष सोनी ने नायक के पिता की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

भोजपुरी फिल्म ‘बसेरा’ में अभिनेता विमल पांडेय, गुंजन पंत और शिखा श्रीवास्तव मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। संतोष सोनी की यह दूसरी भोजपुरी फिल्म है। इससे पहले वह भोजपुरी फिल्म ‘प्रतिशोध’ में गद्दार नेता का किरदार निभाकर अपने अभिनय का हुनर दिखा चुके हैं। संतोष सोनी ने बताया कि ‘बसेरा’ एक पारिवारिक फिल्म है, जो दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगी।


फिल्म के निर्माता जयंत श्रीवास्तव, लेखक एवं निर्देशक अवधेश वर्मा हैं। छायांकन अनिल भोला, कोरियोग्राफी नेपाल के विवेक थापा और संगीत अमन श्लोक ने दिया है। संतोष सोनी इससे पहले बॉलीवुड फिल्म ‘किसका है इंतजार’ में नायक के दोस्त की भूमिका निभा चुके हैं। वहीं स्टार प्लस पर प्रसारित चर्चित धारावाहिक ‘वो कोई है’ में भूत का किरदार निभाकर भी खूब सुर्खियां बटोर चुके हैं।

उन्होंने बताया कि अभिनय के क्षेत्र में आगे बढ़ते हुए उन्होंने एक और भोजपुरी फिल्म ‘दिल तेरा दीवाना’ साइन की है। इसकी शूटिंग 15 फरवरी 2027 से शुरू होगी। लगातार फिल्मों में मिल रहे अवसरों से संतोष सोनी उत्साहित हैं। बरगढ़ पाठा के इस कलाकार की फिल्मी दुनिया में बढ़ती पहचान से क्षेत्र के लोगों में भी खुशी है।

Tags:    

Similar News