टला खतरा...उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, उड़ान के दौरान उठा धुंआ

DCM Keshav Prasad Maurya: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए। लखनऊ से कौशांबी के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद उनके हेलिकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई,

Update:2026-03-07 12:00 IST

DCM Keshav Prasad Maurya

DCM Keshav Prasad Maurya: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को एक बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए। लखनऊ से कौशांबी के लिए उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद उनके हेलिकॉप्टर में अचानक तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण पायलट को तुरंत आपात स्थिति में हेलिकॉप्टर की लैंडिंग करानी पड़ी। यह इमरजेंसी लैंडिंग अमौसी एयरपोर्ट पर कराई गई।

जानकारी के अनुसार, उपमुख्यमंत्री लखनऊ के ला मार्ट्स से हेलिकॉप्टर के जरिए कौशांबी के लिए रवाना हुए थे। उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद हेलिकॉप्टर के केबिन में अचानक धुआं भरने लगा। इसी दौरान हेलिकॉप्टर का डिस्प्ले सिस्टम भी बंद हो गया, जिससे स्थिति गंभीर हो गई और अंदर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी। इसके बाद हेलिकॉप्टर को तुरंत वापस लखनऊ की ओर मोड़ा गया। एटीसी की अनुमति मिलते ही अमौसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग की तैयारी शुरू कर दी गई।

एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए रनवे और आसपास के इलाके को खाली कराया। जैसे ही हेलिकॉप्टर सुरक्षित तरीके से जमीन पर उतरा, वहां मौजूद सुरक्षा और तकनीकी टीमों ने तुरंत उसे घेर लिया। इसके बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत हेलिकॉप्टर में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस घटना की वजह हेलिकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी बताई जा रही है।

हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विशेषज्ञों की तकनीकी टीम जांच में जुट गई है।पायलट की सूझबूझ और त्वरित निर्णय की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया। अगर समय रहते इमरजेंसी लैंडिंग नहीं कराई जाती, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। फिलहाल उपमुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं।

Tags:    

Similar News