Etah News: पंडित दीनदयाल की प्रतिमा से दूसरी बार छेड़छाड़, भाजपा में आक्रोश
Etah News: प्रतिमा पर लाल शॉल, बेल्ट और मोबाइल कवर की माला पहनाने से नाराज लोगों ने धरना दिया, क्रॉस का निशान रखकर धर्म परिवर्तन के प्रयास का भी लगाया आरोप।
पंडित दीनदयाल की प्रतिमा से दूसरी बार छेड़छाड़, भाजपा में आक्रोश (Photo- Newstrack)
Etah News: शहर के जीटी रोड स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक पर महापुरुष की प्रतिमा से लगातार दूसरी बार छेड़छाड़ का मामला सामने आने से शुक्रवार सुबह भारी आक्रोश फैल गया। अराजकतत्वों ने प्रतिमा को लाल रंग की शॉल ओढ़ाने के साथ गले में बेल्ट, मोबाइल कवर और जैकेट की माला पहना दी। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेताओं और ब्राह्मण समाज के लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए माया पैलेस चौराहे पर धरना शुरू कर दिया।
लोगों ने सवाल उठाया कि चौराहे पर 24 घंटे पुलिस की तैनाती होने के बावजूद लगातार दूसरी बार प्रतिमा के साथ इस तरह की हरकत कैसे हो गई। प्रदर्शनकारियों ने इसे सुनियोजित साजिश बताते हुए आरोप लगाया कि प्रतिमा पर क्रॉस का निशान रखकर धर्म परिवर्तन का प्रयास किया गया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
धरने की सूचना पर कोतवाली नगर पुलिस, सीओ सिटी और एसडीएम मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे।
भाजपा सदर विधायक विपिन वर्मा ने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वाले अराजकतत्वों पर प्रभावी कार्रवाई हो। यदि कोई मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति ऐसी हरकत कर रहा है तो उसे उपचार के लिए भेजना भी सुनिश्चित किया जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप जैन ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कार्रवाई की मांग की।
भाजपा के पूर्व महामंत्री सचिन उपाध्याय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय केवल ब्राह्मण समाज ही नहीं, बल्कि पूरी भाजपा के सम्मानित महापुरुष हैं। उनके सम्मान के लिए ब्राह्मण समाज के साथ पूरी भाजपा खड़ी है। चौराहे पर 24 घंटे पुलिस तैनात रहने के बावजूद दूसरी बार ऐसी घटना होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
विश्व हिंदू परिषद के अभिनव मिश्रा ने सवाल उठाया कि शहर के बीचोंबीच स्थित चौराहे पर इस तरह की हरकत करने वाला व्यक्ति कैसे घंटों मौजूद रहा और पुलिस तथा प्रशासनिक अधिकारियों की नजर उस पर क्यों नहीं पड़ी। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन करने वालों में भूदेव मिश्रा, सभासद अखिलेश दीक्षित सहित हरेंद्र मोहन सारस्वत, सोनी वशिष्ठ, राजीव शुक्ला, मोहित पाठक, सुनील पाठक और बिट्टू पचौरी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।