Etah News: अलीगंज उपनिबंधक कार्यालय में डीएम का औचक निरीक्षण, 2017 के अभिलेखों में मिलीं खामियां

Etah News: एटा के डीएम अरविंद सिंह ने अलीगंज उपनिबंधक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। जांच में वर्ष 2017 के कई अभिलेख अधूरे मिले, जिस पर अधिकारियों को रिकॉर्ड दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

Update:2026-05-14 16:06 IST

Etah News

Etah News: एटा जनपद के जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने गुरुवार को अलीगंज तहसील स्थित उपनिबंधक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे डीएम को देखकर कार्यालय कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, पुराने अभिलेखों, ऑनलाइन रिकॉर्ड तथा स्कैनिंग प्रक्रिया की गहन जांच की।

जांच के दौरान डीएम ने वर्ष 2017 के अभिलेखों और ऑनलाइन डेटा रजिस्टर की स्थिति का निरीक्षण किया। इसमें कई दस्तावेज अधूरे पाए गए। कुछ अभिलेखों में क्रेता और विक्रेता के नाम, गाटा संख्या तथा वार्ड संबंधी विवरण दर्ज नहीं मिले। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारियों को रिकॉर्ड दुरुस्त करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि बिना पूर्ण विवरण वाले किसी भी दस्तावेज को रिकॉर्ड में स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए। साथ ही रजिस्ट्री के लिए आवेदन करते समय सभी दस्तावेजों और अभिलेखों की अच्छी तरह जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्यालय में चल रही स्कैनिंग प्रक्रिया की भी समीक्षा की। उन्होंने पाया कि वर्ष 2017 के कई दस्तावेज अब तक व्यवस्थित रूप से उपलब्ध नहीं हैं। इस पर संबंधित कर्मचारियों को लापता अभिलेखों को प्राथमिकता के आधार पर स्कैन कर ऑनलाइन अपलोड करने के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कार्यालय की मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने कूलर एवं अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा कर्मचारियों व आम लोगों को राहत देने के लिए पर्याप्त इंतजाम बनाए रखने के निर्देश दिए।


Tags:    

Similar News