Etah News: एटा में भीषण अग्निकांडों से हड़कंप: जैथरा बाजार और मेडिकल कॉलेज में आग से लाखों का नुकसान

Etah News: एटा जिले में लगातार हो रहे अग्निकांडों ने लोगों में दहशत फैला दी है। जैथरा कस्बे के मुख्य बाजार में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में लाखों का सामान जलकर राख हो गया, जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई।

Update:2026-05-22 15:50 IST

Etah News

Etah News: ​उत्तर प्रदेश के एटा जिले में भीषण गर्मी के प्रकोप के बीच लगातार हो रहे अग्निकांडों ने प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की चिंताएं बढ़ा दी हैं। मेडिकल कॉलेज परिसर के हादसे के साथ-साथ जिले के जैथरा कस्बे से भी एक बेहद दर्दनाक और बड़ा अग्निकांड सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।​जनपद के जैथरा कस्बे के मुख्य बाजार में स्थित एक तीन मंजिला मकान और दुकान में शॉर्ट सर्किट की वजह से अचानक भीषण आग लग गई। बाजार के बीचों-बीच स्थित इस इमारत में आग लगते ही पूरे इलाके में भगदड़ मच गई। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटों ने पूरी तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान और घर में रखा लाखों रुपये का कीमती घरेलू तथा व्यापारिक सामान जलकर राख हो गया।

​इस हादसे के दौरान घर के अंदर फंसी एक महिला समेत कई अन्य लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझते रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही जैथरा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय निवासियों के सहयोग से पुलिस और दमकल कर्मियों ने बेहद जोखिम भरे रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया और मकान में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, इस दौरान एक महिला आग की चपेट में आने के कारण गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे पुलिस ने तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया है। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की दुकानों को एहतियातन बंद करा दिया गया इस पूरी घटना में थानाध्यक्ष रीतेश ठाकुर व उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गयी। 

वही दूसरी घटना ​कोतवाली नगर क्षेत्र के मेडिकल कॉलेज परिसर में घटी। ​इससे पूर्व, एटा थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मेडिकल कॉलेज परिसर में भी उस समय हड़कंप मच गया था, जब परिसर के भीतर स्थित एक खाली पड़े पुराने खंडहर भवन में अचानक आग लग गई। सुबह-सुबह खंडहर से उठते धुएं और आग की लपटों को देखकर लोगों को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। हैरान करने वाली बात यह है कि दो दिन पूर्व भी इसी मेडिकल कॉलेज की विद्युत सप्लाई मशीनों में आग लगने की घटना सामने आई थी, जिससे सुरक्षा व्यवस्थाओं पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।​पुलिस और दमकल विभाग दोनों ही घटनाओं के कारणों की गहनता से जांच कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News