Etah News: एटा में रात 10 बजे के बाद होटल-ढाबे बंद, अपराध रोकने सड़क पर उतरे एएसपी
Etah News: एटा में अपराध नियंत्रण के लिए रात 10 बजे के बाद होटल-ढाबे बंद कराने की मुहिम शुरू, एएसपी श्वेताभ पाण्डेय ने खुद सड़क पर उतरकर कराया पालन।
Etah News: जनपद में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने रात 10 बजे के बाद होटल, ढाबों और सड़क किनारे संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों को बंद कराने की मुहिम शुरू कर दी है। अभियान के पहले ही दिन आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय स्वयं पुलिस बल के साथ शहर की सड़कों पर उतरे और देर रात तक खुले मिले होटल-ढाबों को चेतावनी देकर बंद कराया।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय ने बताया कि पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ होटल और ढाबों पर देर रात तक लोगों की भीड़ जुटती है, जहां शराब सेवन, हुड़दंग, मारपीट और फायरिंग जैसी घटनाएं होती हैं। इससे कानून व्यवस्था प्रभावित होती है और अपराधियों व असामाजिक तत्वों को सक्रिय रहने का मौका मिलता है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन के निर्देश पर अपराध नियंत्रण के लिए यह निर्णय लिया गया है। रात में अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्ध लोगों पर भी निगरानी रखी जाएगी और किसी भी अवांछित गतिविधि में शामिल पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एएसपी ने होटल, ढाबा और अन्य दुकानदारों से रात 10 बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद करने की अपील करते हुए कहा कि यह कदम आम लोगों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधिकारियों का मानना है कि देर रात तक खुले रहने वाले होटल-ढाबों पर भीड़ कम होने से असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगेगा, सड़क पर होने वाली वारदातों में कमी आएगी और रात्रिकालीन गश्त को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।