Etah News: मलावन की 9.401 हेक्टेयर भूमि को वेटलैंड घोषित करने की तैयारी

Etah News: एटा के मलावन क्षेत्र की 9.401 हेक्टेयर भूमि को वेटलैंड घोषित करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। स्वीकृति के बाद संरक्षण, वृक्षारोपण और विकास कार्य शुरू होंगे।

Update:2026-07-05 22:31 IST

मलावन की 9.401 हेक्टेयर भूमि को वेटलैंड घोषित करने की तैयारी (Photo- Newstrack)

Etah News: पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन की दिशा में एटा जिले के लिए महत्वपूर्ण पहल करते हुए मलावन क्षेत्र की 9.401 हेक्टेयर भूमि को वेटलैंड (आर्द्र भूमि) घोषित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिला प्रशासन ने इस संबंध में प्रस्ताव शासन को स्वीकृति के लिए भेज दिया है।

जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशों के तहत जिला आर्द्र भूमि समिति ने विस्तृत सर्वेक्षण, सीमांकन, जैव विविधता, स्थानीय परिस्थितियों और अन्य तकनीकी मानकों का परीक्षण करने के बाद प्रस्ताव तैयार किया है। समिति के माध्यम से पत्रावली शासन को भेज दी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद वेटलैंड संरक्षण और विकास की कार्ययोजना पर अमल शुरू किया जाएगा।

वृक्षारोपण से प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को मिलेगी मजबूती

उन्होंने कहा कि वेटलैंड घोषित होने के बाद क्षेत्र में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराया जाएगा। इससे भू-जल संरक्षण, प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूती, जैव विविधता के संरक्षण तथा प्रवासी एवं स्थानीय पक्षियों के लिए सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने की दिशा में भी यह पहल महत्वपूर्ण साबित होगी।


जिलाधिकारी के अनुसार वेटलैंड केवल जलाशय नहीं, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने वाली प्राकृतिक धरोहर हैं। इनके संरक्षण से भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल सुरक्षा और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने लोगों से आर्द्र भूमि संरक्षण और वृक्षारोपण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

जिला प्रशासन का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य एटा को पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के क्षेत्र में प्रदेश के अग्रणी जनपदों में शामिल करना है।

Tags:    

Similar News