Etah News: पत्नी से विवाद के बाद 29 वर्षीय युवक ने खुद को मारी गोली, हालत गंभीर, हायर सेंटर रेफर
Etah News: एटा में पत्नी से विवाद के बाद 29 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Etah News(Photo-Social Media)
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ मलावन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले निगोह हसनपुर गांव में एक 29 वर्षीय युवक ने अपनी पत्नी से हुए घरेलू विवाद के बाद खुद को गोली मार ली। गोली लगने के कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने नाजुक हालत को देखते हुए अलीगढ़ के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया है। जहाँ वर्तमान में उसका इलाज चल रहा है।
पारिवारिक कलह बनी वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना निगोह हसनपुर गांव के रहने वाले अश्वनी कुमार (29 वर्ष) पुत्र श्याम नरेश के साथ घटित हुई। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर अश्वनी का अपनी पत्नी के साथ अचानक विवाद हो गया था। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि इससे बुरी तरह क्षुब्ध और आक्रोशित होकर अश्वनी ने आत्मघाती कदम उठा लिया और अपने ही घर में खुद के पेट में गोली मार ली।
परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल
घर के भीतर अचानक गोली चलने की तेज आवाज सुनकर मौके पर हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत भागकर कमरे में पहुंचे तो अश्वनी को खून से लथपथ हालत में पाया। उन्होंने बिना समय गंवाए घायल अश्वनी को तत्काल इलाज के लिए एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। वहाँ मौजूद डॉक्टरों ने युवक को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ के हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मलावन थाने की पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस बल ने मौका-ए-वारदात का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने इस पूरे मामले की गहन जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। इस संबंध में घायल युवक के भाई अभिषेक ने भी पुलिस को दिए बयान में पुष्टि की है कि अश्वनी ने अपनी पत्नी से हुए घरेलू विवाद के चलते ही खुद को गोली मारी है। पुलिस अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर भी मामले की तफ्तीश कर रही है। क्षेत्राधिकार नगर नितेश गर्ग ने बताया प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद का लगता है फिर भी पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जा रही है कि गोली मारने का कारण क्या था और गोली कैसे लगी