Etawah News: इटावा पुलिस की तत्परता, गुम हुआ बैग बरामद कर मालिक को सुरक्षित लौटाया
Etawah News: इटावा पुलिस ने उदी क्षेत्र में रास्ते में गुम हुआ बैग बरामद कर उसके मालिक को सुरक्षित लौटा दिया। बैग में करीब 9 हजार रुपये नकद, आधार-पैन कार्ड, एटीएम कार्ड, रुद्राक्ष की माला और अन्य जरूरी सामान था।
Etawah News
Etawah News: इटावा पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए रास्ते में गुम हुए बैग को बरामद कर उसके मालिक को सुरक्षित सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़ित परिवार को राहत मिली और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, 16 अगस्त 2026 को अमन वर्मा पुत्र राजेश वर्मा, निवासी रामलीला रोड, राजपूत कॉलोनी, थाना कोतवाली, जनपद इटावा, अपनी पत्नी के साथ भिण्ड से इटावा आ रहे थे। इसी दौरान उदी क्षेत्र के पास उनका बैग रास्ते में कहीं गिर गया। बैग में करीब 9 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक एटीएम कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। इसके अलावा बैग में स्वर्ण जड़ित रुद्राक्ष की माला और अन्य जरूरी सामान भी मौजूद था।बैग गुम होने के बाद अमन वर्मा ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना बढ़पुरा की चौकी उदी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने बैग में मौजूद आधार कार्ड पर दर्ज पते की सहायता ली और C-PLAN के माध्यम से संबंधित व्यक्ति से संपर्क स्थापित किया।
पुलिस द्वारा संपर्क किए जाने के बाद अमन वर्मा को चौकी उदी बुलाया गया। जांच और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उनका गुम हुआ बैग उन्हें सौंप दिया। बैग में रखा नकद धनराशि, महत्वपूर्ण दस्तावेज, रुद्राक्ष की माला और अन्य सामान सुरक्षित अवस्था में वापस मिलने पर अमन वर्मा और उनके परिजनों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी।अमन वर्मा ने इटावा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की सराहना की। उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय रहते पुलिस की मदद मिलने से उनका जरूरी सामान सुरक्षित वापस मिल सका।