फतेहपुर: आउटसोर्स कर्मचारियों को बढ़ा हुआ पारिश्रमिक दिलाने की मांग, सभासद ने सौंपा पत्र

Fatehpur News: वार्ड संख्या-33 सिविल लाइन के सभासद विनय कुमार तिवारी ने नगर पालिका अध्यक्ष को ज्ञापन देकर शासन के आदेशानुसार न्यूनतम पारिश्रमिक देने की मांग की।

Update:2026-11-23 20:01 IST

Fatehpur News: यूपी के ​फतेहपुर जिले के नगर पालिका परिषद में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उन्हें शासनादेश के अनुरूप बढ़ा हुआ पारिश्रमिक दिलाए जाने की मांग ने जोर पकड़ लिया है।सोमवार को वार्ड संख्या-33 सिविल लाइन के सभासद विनय कुमार तिवारी ने नगर पालिका अध्यक्ष को एक ज्ञापन सौंपकर आउटसोर्स कर्मियों को शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम पारिश्रमिक का लाभ तत्काल दिलाए जाने की मांग की।

​सभासद विनय कुमार तिवारी ने अपने पत्र के माध्यम से पालिका प्रशासन का ध्यान शासन के हालिया निर्देशों की ओर आकृष्ट कराया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के सचिवालय प्रशासन अनुभाग-13 द्वारा विगत 2 नवंबर 2026 को इस संबंध में स्पष्ट शासनादेश जारी किया गया है। इसके अतिरिक्त, उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के प्रबंध निदेशक द्वारा भी 16 नवंबर 2026 को पत्र जारी कर सभी संबंधित विभागों व निकायों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को निर्धारित न्यूनतम पारिश्रमिक का भुगतान सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

​सभासद ने कहा कि शासन के स्पष्ट आदेशों के बावजूद नगर पालिका परिषद में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को अब तक बढ़ी हुई दरों का लाभ नहीं मिल पा रहा है, जो कि न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने पालिका अध्यक्ष से अनुरोध किया कि शासन की मंशा के अनुरूप पालिका के विभिन्न विभागों में सेवाएं दे रहे सभी आउटसोर्स कर्मचारियों के पारिश्रमिक में अविलंब वृद्धि की जाए और निर्धारित दर से उनके वेतन भुगतान की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।

​सभासद श्री तिवारी ने कर्मचारियों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि शहर की सफाई, पेयजल और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से बनाए रखने में आउटसोर्स कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महंगाई के इस दौर में उन्हें शासन द्वारा तय पारिश्रमिक मिलना अत्यंत आवश्यक है, ताकि उनके आर्थिक हितों की रक्षा हो सके और वे सम्मानजनक जीवनयापन कर सकें।

Tags:    

Similar News