Fatehpur: अज्ञात महिला की पहचान के लिए 22 विशेष पुलिस टीमें गठित, UP-MP के 15 जिलों के लिए रवाना

Fatehpur News: ललौली में मिली करीब 30 वर्षीय महिला के शव की पहचान के लिए एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने जांच तेज की, यूपी और एमपी के 15 जिलों में पुलिस टीमें रवाना कीं।

Update:2026-11-18 22:38 IST

अज्ञात महिला की पहचान के लिए 22 विशेष पुलिस टीमें गठित, UP-MP के 15 जिलों के लिए रवाना (Photo- Newstrack)

Fatehpur News: ​फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र में सड़क किनारे झाड़ियों से बरामद हुए अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए और मृतका की पहचान जल्द से जल्द करने के उद्देश्य से पुलिस ने एक व्यापक अभियान शुरू किया है।बुधवार के दिन एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने 22 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया।जिन्हें उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुल 15 जनपदों में रवाना कर दिया गया है।

​क्या है पूरा मामला?

बीते दिनों ललौली थाना क्षेत्र अंतर्गत कोरा कनक मोड़ से मुत्तौर जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे झाड़ियों के बीच स्थित एक खंती से करीब 30 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था।शव मिलने की सूचना पर स्थानीय पुलिस और उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की थी।हालांकि घटना के बाद से ही जनपद पुलिस द्वारा महिला की पहचान कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं,लेकिन अब तक मृतका के बारे में कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका है।

​पुलिस लाइन में एसपी ने की समीक्षा बैठक

मामले के खुलासे में हो रही देरी को देखते हुए बुधवार शाम करीब 7 बजे एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं जांच टीमों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।बैठक के दौरान एसपी ने अब तक अज्ञात महिला की शिनाख्त के लिए किए गए प्रयासों की गहन समीक्षा की।उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और हर संभव पहलू से जांच को आगे बढ़ाया जाए।

​अंतरराज्यीय स्तर पर चलेगा पहचान अभियान

समीक्षा बैठक के पश्चात एसपी के निर्देश पर 22 विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।चूंकि फतेहपुर की सीमाएं कई जनपदों से जुड़ती हैं और पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश भी नजदीक है,इसलिए इन टीमों को उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ मध्य प्रदेश के सीमावर्ती और प्रमुख जनपदों सहित कुल 15 जिलों में भेजा गया है।

Tags:    

Similar News