Firozabad News: प्रेम में बाधा समझ डेढ़ साल के मासूम की ले ली जान, 6 घंटे में मुठभेड़ के बाद दबोचा गया आरोपी

Firozabad News: मासूम की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी विराज को पुलिस ने घटना के महज 6 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी।

Update:2026-05-30 17:47 IST

प्यार में बाधक बने डेढ़ वर्षीय मासूम की हत्या, आरोपी फरार, परिजनों में मचा कोहराम (Photo- Newstrack)

Firozabad News: फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में एक ऐसी घटना सामने आई जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। कथित तौर पर एक युवक ने प्रेम संबंधों में बाधा मानते हुए डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे की जमीन पर पटक-पटक कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, फरार चल रहे आरोपी विराज को पुलिस ने घटना के महज 6 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। 

एकतरफा प्रेम बना वारदात की वजह

जानकारी के अनुसार थाना अरांव क्षेत्र के गांव बामई निवासी रति की शादी बदायूं जनपद के रामनगर निवासी सुमित के साथ हुई थी। दंपति का डेढ़ वर्षीय पुत्र आरव उर्फ कल्लू था। बताया जा रहा है कि रति की बुआ सास का पुत्र विराज रति से एकतरफा प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। आरोप है कि वह मासूम आरव को अपने रास्ते की सबसे बड़ी बाधा मानता था।

टॉफी दिलाने के बहाने बच्चे को ले गया

बताया गया कि रविवार को रति अपने मायके से शिकोहाबाद की यादव कॉलोनी स्थित अपनी मुंहबोली मौसी के घर आई हुई थी। इसी दौरान विराज को इसकी जानकारी मिल गई और वह वहां पहुंच गया। आरोप है कि उसने मासूम आरव को टॉफी दिलाने का लालच देकर अपने साथ ले लिया।

इसके बाद उसने बच्चे को सड़क पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायल बच्चे को उपचार के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय शिकोहाबाद लेकर गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले बुझ गई मासूम की जिंदगी

संयुक्त जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने जांच के बाद मासूम आरव को मृत घोषित कर दिया। डेढ़ वर्षीय बच्चे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे इलाके में घटना को लेकर सनसनी फैल गई।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं घटना के बाद आरोपी विराज फरार हो गया था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।


6 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हुआ विराज

मासूम की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी विराज को पुलिस ने घटना के महज 6 घंटे के भीतर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर इलाज के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Tags:    

Similar News