Hapur News: हापुड़ की सबसे बड़ी डकैती के बाद पुलिस विभाग में भूचाल, थाना प्रभारी हटे

Hapur News: उद्योगपति नरेंद्र कबाड़ी के घर करोड़ों की डकैती के बाद एसपी का बड़ा एक्शन, देहात थाना प्रभारी लाइन हाजिर, एसओजी प्रभारी पारस मलिक को मिली कमान।

By :  Avnish Pal
Update:2026-06-07 19:39 IST

हापुड़ की सबसे बड़ी डकैती के बाद पुलिस विभाग में भूचाल, थाना प्रभारी हटे (Photo- Newstrack)

Hapur News: जनपद के चर्चित उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल उर्फ "नरेंद्र कबाड़ी" के घर हुई सनसनीखेज डकैती के बाद पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। करोड़ों रुपये की लूट की इस घटना ने न सिर्फ हापुड़ बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सनसनी फैला दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने तत्काल प्रभाव से थाना हापुड़ देहात प्रभारी नीरज कुमार को लाइन हाजिर कर दिया है, जबकि एसओजी प्रभारी पारस मलिक को हापुड़ देहात थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

चार नकाबपोश बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार गढ़ रोड स्थित सीएचसी के सामने मोहल्ला गिरधारी नगर निवासी उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थे। सोमवार देर रात करीब 11:30 बजे उनका पोता सिद्धांत अपने एक मित्र के साथ घर वापस लौटा। जैसे ही चौकीदार श्याम कुमार सेठ ने मुख्य गेट खोला, पहले से घात लगाए बैठे चार नकाबपोश बदमाश हथियारों के साथ घर के भीतर घुस गए।

बदमाशों ने सबसे पहले चौकीदार और सिद्धांत को कब्जे में लिया और फिर घर के अंदर पहुंचकर उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल, उनकी पत्नी सुशीला देवी और परिवार के अन्य सदस्यों को बंधक बना लिया। बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्होंने परिवार को डराने-धमकाने के लिए हथियारों का इस्तेमाल किया।

गन पॉइंट पर परिवार, करोड़ों की संपत्ति पर हाथ साफ

जानकारी के अनुसार बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी देते हुए अलमारी और लॉकर की चाबियां अपने कब्जे में ले लीं। इसके बाद उन्होंने घर में रखे सवा किलो से अधिक सोने-चांदी के आभूषण, लाखों रुपये की नकदी और अन्य कीमती सामान लूट लिया।वारदात के दौरान बदमाशों ने परिवार के लोगों को चादरों और कपड़ों के टुकड़ों से बांध दिया, ताकि कोई उनका विरोध न कर सके। करीब आधे घंटे तक घर के अंदर आतंक मचाने के बाद सभी आरोपी आराम से फरार हो गए। घटना के बाद परिवार ने किसी तरह खुद को मुक्त कराया और पुलिस को सूचना दी।

हापुड़ पुलिस के लिए बनी प्रतिष्ठा का सवाल

उद्योगपति के घर हुई इस बड़ी डकैती ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के बीचोंबीच हुई इस वारदात के बाद व्यापारिक वर्ग में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि शहर के प्रमुख उद्योगपति का घर सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों की सुरक्षा पर भी प्रश्नचिह्न लगना स्वाभाविक है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और देर रात तक जांच-पड़ताल चलती रही। फॉरेंसिक टीम, सर्विलांस सेल और अन्य जांच एजेंसियों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

एसपी का बड़ा एक्शन, थाना प्रभारी हटाए गए

मामले को बेहद गंभीर मानते हुए पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए हापुड़ देहात थाना प्रभारी नीरज कुमार को लाइन हाजिर कर दिया। पुलिस विभाग में इस कार्रवाई को बड़ी जिम्मेदारी तय करने के रूप में देखा जा रहा है।वहीं, एसओजी प्रभारी पारस मलिक को हापुड़ देहात थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। पारस मलिक को तेजतर्रार और परिणाम देने वाले अधिकारियों में गिना जाता है। एसओजी में तैनाती के दौरान उन्होंने कई चर्चित आपराधिक घटनाओं का खुलासा किया है और अनेक अपराधियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है।

सात टीमें कर रहीं छापेमारी, कई संदिग्ध रडार पर

पुलिस के मुताबिक डकैती की जांच के लिए सात विशेष टीमें गठित की गई हैं। इनमें एसओजी, सर्विलांस, स्थानीय पुलिस और अन्य विशेष इकाइयों को शामिल किया गया है। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कई संदिग्धों को चिन्हित किया गया है।जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि बदमाशों को घर की गतिविधियों और अंदर मौजूद संपत्ति की जानकारी कैसे मिली। पुलिस को आशंका है कि वारदात में किसी स्थानीय व्यक्ति की भूमिका भी हो सकती है, जिसने बदमाशों को महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध कराई हों।

व्यापारियों में चिंता, सुरक्षा बढ़ाने की मांग

घटना के बाद व्यापारिक संगठनों में भी चिंता का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को और प्रभावी कदम उठाने होंगे। कई व्यापारिक संगठनों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।

जल्द होगा खुलासा: पुलिस

पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। अधिकारियों का कहना है कि डकैती की इस बड़ी वारदात का जल्द खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

फिलहाल हापुड़ की यह डकैती पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों की नजरें पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं। यदि पुलिस जल्द आरोपियों तक पहुंचने में सफल होती है तो यह जिले की सबसे बड़ी आपराधिक घटनाओं में से एक के खुलासे के रूप में दर्ज होगी।

Tags:    

Similar News