Hapur News: मांस खाने से इंकार करने पर युवक चाकू से पर हमला! जांच में जुटी पुलिस
Hapur News: हापुड़ में युवक पर चाकू से हमले का आरोप, मांस खाने से इनकार पर विवाद, पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी।
Hapur News
Hapur News: हापुड़ जिले के बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव पलवाड़ा में शनिवार देर शाम एक युवक के घायल होने की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। घायल युवक ने आरोप लगाया है कि उसके साथियों ने मांस खाने का दबाव बनाया और इंकार करने पर उस पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया और सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। घायल युवक की पहचान बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव चितौड़ा निवासी कपिल के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना को लेकर पुलिस और ग्रामीणों के बीच अलग-अलग दावे सामने आने से मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
जंगल में बुलाने के बाद हुआ विवाद
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, कपिल की दोस्ती पलवाड़ा गांव निवासी नौशाद से बताई जा रही है। आरोप है कि शनिवार शाम नौशाद अपने एक साथी के साथ जंगल क्षेत्र में पहुंचा और कपिल को भी वहां बुलाया। वहां खाने-पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।घायल युवक का आरोप है कि उस पर मांस खाने का दबाव बनाया गया। जब उसने मना किया तो कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद उस पर धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में कपिल किसी तरह वहां से भागकर गांव पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।
लहूलुहान हालत में गांव पहुंचा युवक
ग्रामीणों का कहना है कि जब कपिल गांव पहुंचा तो उसके शरीर पर चोटों के निशान थे और वह खून से लथपथ था। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।पुलिस ने घायल युवक से बातचीत कर घटना की जानकारी जुटाई और परिजनों के बयान भी दर्ज किए। वहीं गांव में किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस सतर्कता बरत रही है।
पुलिस जांच में जुटी, सामने आए अलग-अलग दावे
मामले में बहादुरगढ़ थाना प्रभारी इंद्रकांत यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कपिल और नौशाद एक-दूसरे को पहले से जानते हैं और दोनों के बीच दोस्ताना संबंध रहे हैं। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी।थाना प्रभारी ने बताया कि घायल युवक चाकू से हमला किए जाने की बात कह रहा है, जबकि शुरुआती स्तर पर यह भी संभावना जताई जा रही है कि मारपीट के दौरान वह कंटीले तारों में गिरकर घायल हुआ हो। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और मेडिकल रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की गई और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई गई। पुलिस का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।